मुख्यपृष्ठअपराधप्रयागराज में ‘डोरस्टेप मर्डर’… हिस्ट्रीशीटर को घर के बाहर उतारा मौत के...

प्रयागराज में ‘डोरस्टेप मर्डर’… हिस्ट्रीशीटर को घर के बाहर उतारा मौत के घाट

-फोन कर बुलाया, फिर गली में दौड़ाकर बरसाईं गोलियां

राजेश सरकार / प्रयागराज

शहर के घनी आबादी वाले मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर सक्षम पंडा (25) की गुरुवार तड़के सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात इतनी खौफनाक थी कि हमलावरों ने पहले उसे फोन कर घर से बाहर बुलाया, बातचीत की और फिर लौटते ही गली में दौड़ाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। सनसनीखेज हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर स्कूटी से आते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, मालवीय नगर निवासी सक्षम पंडा घाटों पर पूजा-पाठ कराने का काम करता था। गुरुवार सुबह किसी का फोन आने पर वह घर से निकलकर बातचीत करने गया था। वहां आरोपी और उसका साथी उससे काफी देर तक बात करते रहे। इसके बाद दोनों वहां से चले गए और सक्षम भी अपने घर लौटने लगा।
बताया जा रहा है कि सक्षम जैसे ही घर की सीढ़ियों पर खड़ा हुआ, तभी स्कूटी सवार दो हमलावर दोबारा वहां पहुंच गए। पीछे बैठे बदमाश ने तमंचा निकालकर सक्षम पर पहली गोली चला दी। गोली लगते ही वह जान बचाने के लिए गली की तरफ भागा, लेकिन हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा। कुछ दूरी पर पहुंचकर उसे दूसरी गोली मारी गई। सक्षम सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं।
गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। परिजन और मोहल्ले के लोग दौड़कर बाहर आए, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। खून से लथपथ सक्षम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
“फोन आया और बेटा चला गया… फिर मिली मौत की खबर”
मृतक की मां ने बताया कि बुधवार रात सक्षम ने परिवार के साथ खाना खाया था और फिर सोने चला गया। तड़के सुबह उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिसके बाद वह घर से निकल गया। कुछ देर बाद सूचना मिली कि बेटे को गोली मार दी गई है। जब परिवार मौके पर पहुंचा, तो सक्षम खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।
गुमटी में आग लगाने के विवाद में हत्या!
पुलिस ने मुख्य आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बुधवार को संगम क्षेत्र में उसकी सक्षम से कहासुनी हुई थी। इसी को लेकर गुरुवार सुबह बातचीत के बहाने सक्षम को बुलाया गया और कहासुनी बढ़ने पर गोली मार दी गई।
पहले भी हुआ था जानलेवा हमला
परिजन के मुताबिक, मार्च महीने में भी सक्षम पंडा (सक्षम शर्मा) पर मालवीय नगर में फायरिंग हुई थी। उस हमले में सक्षम और उसका दोस्त रवि घायल हुए थे। मामले में विमल समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। गुरुवार को सक्षम शर्मा का कोर्ट में बयान होना था। कोर्ट जाने से पहले ही उसे मौत की नींद सुला दिया गया। पुलिस ने मामले में भोले पंजाबी को जेल भेजा था, लेकिन अप्रैल में वह जमानत पर बाहर आ गया था।
पुलिस जांच में जुटी
दिनदहाड़े हुई दुस्साहसी वारदात से मुट्ठीगंज इलाके के मालवीय नगर में सनसनी फैल गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना ने शहर में अपराध और गैंगवार को लेकर एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य समाचार