-मंत्रालय से १ घंटे की दूरी पर खुलेआम उपलब्ध हैं मादक पदार्थ
-विपक्ष का मोदी और फडणवीस सरकार पर जोरदार हमला
सामना संवाददाता / मुंबई
देश और राज्य में भाजपा की कृपा से ड्रग्स का धंधा फल-फूल रहा है। विपक्ष ने इस तरह का जोरदार हमला भारतीय जनता पार्टी पर किया है। गोरेगांव के ड्रग्स कांड पर महाराष्ट्र कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा कि अगर मुंबई में मंत्रालय से एक घंटे की दूरी पर ड्रग्स आसानी से मिल जाते हैं तो राज्य के दूसरे शहरों में क्या हाल होगा? अपने ट्विट में कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार देश की फाइनेंशियल कैपिटल में गैर-कानूनी ड्रग्स आने से रोकने में पूरी तरह फेल रही है और फडणवीस सरकार राज्य में इन ड्रग्स की बिक्री रोकने में पूरी तरह फेल रही है।
अडानी के पोर्ट से आ रहे हैं मादक पदार्थ!
गोरेगांव के कॉन्सर्ट के दौरान ड्रग्स सेवन के कारण दो लोगों की मौत के मामले पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस ने एक ट्विट करके लिखा कि अडानी के गुजराती पोर्ट और डिप्टी चीफ मिनिस्टर के परिवारों द्वारा ड्रग्स का धंधा भाजपा की कृपा से फल-फूल रहा है। इसलिए ‘मेरा महाराष्ट्र मुझे कहां ले गया?’ राज्य के करोड़ों लोगों के लिए यह पूछने का समय आ गया है।’ बता दें कि गोरेगांव-पूर्व के एक एग्जीबिशन सेंटर में ऑर्गनाइज्ड एक कॉन्सर्ट में ड्रग्स लेने से दो स्टूडेंट्स की मौत हो गई। वनराई पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को अरेस्ट किया है। इसी घटना को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस ने राज्य सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए एक ट्वीट में सरकार पर निशाना साधा।
