मुख्यपृष्ठनए समाचारड्रग्स तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ ...मुंबई गुजरात तक फैला है नेटवर्क ...महिलाएं...

ड्रग्स तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ …मुंबई गुजरात तक फैला है नेटवर्क …महिलाएं करती हैं नशे की सप्लाई

सामना संवाददाता / मुंबई
पुलिस ने मुंबई, मीरा रोड और गुजरात में चल रहे ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया, जिसमें दो महिलाओं समेत दस लोगों को गिरफ्तार किया गया और १३.६१ करोड़ रुपए का ६.८ किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, एमडी ड्रग्स को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में महिला गिरोह की मुख्य भूमिका थी, ताकि पुलिस को किसी तरह का शक न हो।
पुलिस के अनुसार, यह ऑपरेशन ४ अप्रैल को तब शुरू हुआ, जब अधिकारियों को मीरा रोड ईस्ट के नया नगर में एक कपल द्वारा अपने घर से ड्रग्स बेचने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने फ्लैट पर छापा मारा और आरोपियों के घर से १.३ किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद किया। यह एक सिंथेटिक स्टिमुलेंट है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर पार्टी ड्रग के रूप में किया जाता है। इसकी कीमत करीब २.६६ करोड़ रुपए बताई गई है।
आगे की जांच के दौरान पुलिस ने ड्रग सप्लाई नेटवर्क में शामिल कई आरोपियों को मुंबई, मीरा रोड और गुजरात से गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक करीब १३.६१ करोड़ रुपये कीमत का कुल ६.८ किलोग्राम एमडी बरामद किया जा चुका है। मीरा-भायंदर, वसई-विरार क्राइम ब्रांच यूनिट-४ के मुताबिक, तस्करी गैंग में शामिल १० लोगों को पकड़ा गया है।
क्राइम ब्रांच अधिकारियों ने बताया कि गैंग आमतौर पर मुंबई और गुजरात से मीरा रोड तक ड्रग्स पहुंचाने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल करता था, जहां से यह प्रतिबंधित सामान ग्राहकों को बेचा जाता था। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गैंग ड्रग्स तस्करी के लिए नाबालिग लड़कियों का भी इस्तेमाल करता था। पुलिस ने कहा कि जल्द ही नाबालिग लड़कियों का भी पता लगाकर सभी को हिरासत में लिया जाएगा।

 

अन्य समाचार