सामना संवाददाता / मुंबई
गत ७ अप्रैल तड़के दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव पर पारसी जिमखाना जंक्शन के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ३ लोगों की मौत हुई थी। यह घटना तेज रफ्तार बाइक के सिग्नल तोड़ने और मॉर्निंग वॉक कर रहे एक बुजुर्ग को कुचलने के कारण हुई थी। इसके चंद दिनों बाद फिर एक बार रैश ड्राइविंग का मामला सामने आया है। रविवार देर रात मुंबई के मरीन ड्राइव में एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने कथित तौर पर नाका चेकिंग ऑपरेशन के दौरान दो पुलिसवालों को रौंद दिया। पुलिस को शक है कि मर्सिडीज कार चालक नशे में था। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान कांस्टेबल कृष्णकांत मिश्रा और राठौड़ के तौर पर हुई है, जो मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन से जुड़े हैं। इस घटना में दोनों को गंभीर चोटें आर्इं और अभी बॉम्बे अस्पताल के आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की पहचान २९ साल के निहाल सोलंकी के तौर पर हुई है, जो नासिक के पंचवटी इलाके का रहनेवाला है। पुलिस ने बताया कि सोलंकी रविवार रात मरीन ड्राइव के पास मर्सिडीज कार तेज स्पीड में चला रहा था, तभी ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग चेकिंग के दौरान उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन कार धीमी करने के बजाय आरोपी ने लग्जरी कार तेज कर दी और दो पुलिसकर्मियों को रौंदकर मौके से भाग गया। घटना के बाद मरीन ड्राइव पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया और सोमवार सुबह नालासोपारा से आरोपी को ढूंढ निकाला। उसे आगे की जांच के लिए कस्टडी में ले लिया गया। पुलिस को शक है कि आरोपी गाड़ी चलाते समय शराब के नशे में था। खून के सैंपल लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि यह पक्का हो सके कि घटना के समय वह नशे में था या नहीं। रैश ड्राइविंग का केस दर्ज कर लिया गया है और मरीन ड्राइव पुलिस मामले की जांच कर रही है।
