द्रुप्ति झा / मुंबई
शहर में बेस्ट बस कर्मचारियों की मनमानी और दादागीरी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अक्सर कर्मचारियों के नशे की हालत में होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। एक बार फिर नशे में धुत एक बस ड्राइवर द्वारा महिला के साथ बदतमीजी करने की घटना सामने आई है। यह घटना अंधेरी से ऐरोली जाने वाली बेस्ट बस रूट नंबर ५४५ (ईएम ८०४७) में गुरुवार रात करीब ९:३० बजे हुई। ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा एक बेस्ट बस ड्राइवर नशे की हालत में विशाल हॉल बस स्टॉप पर बस में चढ़ा और महिला के लिए आरक्षित सीट पर बैठ गया।
जब महिला ने उसे सीट छोड़ने के लिए कहा, तो ड्राइवर गुस्से में बोला, ‘मैं बेस्ट बस का स्टाफ हूं, नहीं उठूंगा, जो करना है कर लो।’ इस दौरान पास में बैठे एक अन्य यात्री ने अपनी सीट छोड़ दी, लेकिन ड्राइवर दादागीरी करते हुए वहीं बैठा रहा। इतना ही नहीं, ड्राइवर ने महिला को अपमानित करते हुए कहा, ‘बैठना है तो बैठ, वरना निकल,’ जिससे महिला को भरी बस में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। ड्राइवर के नशे में होने के कारण महिला ने उससे बहस करना उचित नहीं समझा और मजबूरन पूरे सफर में खड़ी रही।
मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि कर्मचारी ही नियमों की धज्जियां उड़ाएंगे, तो यात्रियों की सुरक्षा वैâसे सुनिश्चित होगी। उन्होंने ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर २०२४ में दहिसर इलाके में भी बेस्ट के एक कंडक्टर पर नाबालिग से छेड़छाड़ और महिला यात्री को धक्का देने का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से बेस्ट प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
