मुख्यपृष्ठअपराधबिजली गुल, छत पर सोता रहा परिवार… नीचे घर खंगाल ले गए...

बिजली गुल, छत पर सोता रहा परिवार… नीचे घर खंगाल ले गए शातिर चोर

राजेश सरकार / प्रयागराज

कमिश्नरेट के गंगानगर जोन के कौंधियारा इलाके के बारी बजहिया गांव में सोमवार रात मनबढ़ चोरों ने एक सुनियोजित वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। बिजली कटौती और परिवार के छत पर सोने का फायदा उठाकर चोर घर में घुस गए और हर कमरे को खंगाल डाला।
जानकारी के अनुसार, गांव के बाहर बने मुंशीलाल पटेल के मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने मुख्य चैनल गेट का ताला काटकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में छत पर जाने वाले रास्ते का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया, ताकि ऊपर सो रहे परिजन नीचे न उतर सकें।
चोरों ने घर के सभी बंद कमरों के ताले तोड़ दिए और हर कोना खंगाल डाला। बहू के कमरे में रखे बड़े बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी चांदी की भारी पायल, करधनी समेत सोने के जेवरात समेट ले गए।
घटना के वक्त गांव की बिजली गुल थी और परिवार के लोग गर्मी के चलते छत पर सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे मुंशीलाल पटेल के मझले बेटे कन्हैयालाल की नींद खुली। वह पानी पीने के लिए नीचे उतरने लगे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर उन्होंने छत से शोर मचाया।
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर छानबीन की, लेकिन पीड़ित परिवार को थाने जाकर तहरीर देने की सलाह देकर लौट गई।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बिजली कटौती और रात में पुलिस गश्त की कमी के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं।

अन्य समाचार

मेरी मां