सामना संवाददाता / मुंबई
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अल्पसंख्यक विभाग की 50 सदस्यीय राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की पहली बैठक शनिवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता राहुल गांधी ने की। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, अभिषेक मनु सिंघवी, तारिक अनवर समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
बैठक में अल्पसंख्यक समुदायों के साथ-साथ सिख, ईसाई, बौद्ध और पारसी समाज के लोगों को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा बूथ स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अभिषेक मनु सिंघवी की अध्यक्षता में लीगल विंग सेल के गठन का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि देश में किसी भी युवा को किसी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर यह सेल उनके लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगा और न्याय दिलाने में सहयोग करेगा।
इस अवसर पर मुंबई से फरहान आज़मी, मोहम्मद अजहरुद्दीन, आरिफ नसीम खान, असलम शेख और अमीन पटेल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
