सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना के नवनिर्वाचित जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों ने ‘मातोश्री’ पहुंचकर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे से भेंट की। इस अवसर पर उद्धव ठाकरे ने सभी विजयी प्रतिनिधियों और शिवसैनिकों को संबोधित करते हुए उनके संघर्ष और निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि अत्यंत प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद शिवसैनिकों ने शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि एक ओर पैसों की बाढ़ थी, लेकिन उस बाढ़ के सामने भी वफादारी की दीवार नहीं टूटी। यह शिवसैनिकों की निष्ठा और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, सच्ची निष्ठा और संगठन की ताकत के आगे धनबल टिक नहीं सकता। आज आप सभी ने साबित कर दिया है कि संघर्ष से मिली जीत ही असली जीत होती है। आने वाला कल हमारा है, ऐसा दृढ़ विश्वास उन्होंने व्यक्त किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। उद्धव ठाकरे ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों से जनता के विश्वास पर खरा उतरने और संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।
