सामना संवाददाता / मुंबई
बढ़ते तापमान के कारण मुंबई में भीषण गर्मी पड़ रही है। बढ़ते तापमान के चलते घरों और दफ्तरों में बिजली के उपकरणों पर दबाव बढ़ने से शॉर्ट-सर्किट और आग लगने की घटनाओं में वृद्धि की संभावना जताई गई है। इसलिए मनपा के अग्निशमन विभाग ने मुंबईवासियों से नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है। मुंबई और महाराष्ट्र में गर्मी का असर महसूस होने लगा है। घरों, दफ्तरों और व्यावसायिक परिसरों में पंखे, एयर कूलर, एयर कंडीशनर, रेप्रिâजरेटर और अन्य बिजली के उपकरणों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो रहा है। इससे भी आग लगने की घटनाओं में वृद्धि होने की संभावना है। इसके अलावा, गर्म और शुष्क मौसम, ज्वलनशील पदार्थों का अनुचित भंडारण, कचरा जलाने और गैस रिसाव जैसे कारकों से भी आग लगने का खतरा बढ़ सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए मुंबई अग्निशमन सेवा ने नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। नागरिकों को अपने घरों और इमारतों में बिजली के तारों, स्विच बोर्ड और प्लग पॉइंट की नियमित रूप से जांच करनी चाहिए और उनके कनेक्शन सुनिश्चित करने चाहिए। साथ ही एक ही प्लग पॉइंट पर कई उपकरण लगाकर ओवरलोडिंग से बचें। एयर कंडीशनर, कूलर आदि का उपयोग करते समय सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले विद्युत कनेक्शनों का प्रयोग करें। घर या आस-पास के क्षेत्र में कूडा-कचरा, पेड़ों की सूखी पत्तियां, लताएं या अन्य ज्वलनशील वस्तुएं न जलाएं। एलपीजी गैस सिलेंडर और गैस पाइपों का संबंधित विशेषज्ञों द्वारा नियमित निरीक्षण कराया जाना चाहिए। इमारतों और व्यावसायिक परिसरों की सीढ़ियां और आपातकालीन निकास द्वार खुले रखे जाने चाहिए, ताकि किसी घटना की स्थिति में नागरिक सुरक्षित रूप से बाहर निकल सकें और प्रवेश कर सकें। इसके साथ ही उन्हें अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करने चाहिए। आग लगने की स्थिति में दमकलकर्मियों के वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह खाली छोड़ी जानी चाहिए। आग लगने की स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत मुंबई दमकल विभाग से १०१ पर सूचना दें।
