अनिल मिश्र / रांची
झारखंड प्रदेश के रामगढ़ जिले के गोला-चितरपुर स्थित रजरप्पा में मां छिन्नमस्तिके मंदिर में बाबा बैजनाथ धाम देवघर एवं मां वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा न्याय समिति का गठन, प्रसाद की रसीद और पार्किंग सुविधा श्रद्धालुओं के लिए सुनिश्चित की जाए। यह मांग रामगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी बिनू कुमार महतो ‘युवा टाइगर’ ने की।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन हेतु तीन प्रकार की व्यवस्था की जाए —
1. शीघ्र दर्शन लाइन (VIP Pass) — 500 रुपये
2. द्वितीय दर्शन लाइन (VIP Pass) — 200 रुपये
3. सामान्य दर्शन लाइन — निःशुल्क
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा जो बकरे की बलि दी जाती है, उसका सिर मंदिर कमेटी के पास चला जाता है। बाद में मंदिर कमेटी उसी बकरे के सिर को अन्य श्रद्धालुओं को मनमाने दाम पर बेच देती है। इसकी कीमत 50 रुपये से अधिक नहीं रखी जाए तथा रसीद के साथ लाइन में उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि बकरे के धड़ को मंदिर के आसपास नदी किनारे साफ करने एवं पकाने की परंपरा के कारण गंदगी फैलती है। इसके लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाए, जहां बकरे को साफ करने के बाद निकलने वाले कचरे को फेंकने की समुचित व्यवस्था हो, ताकि नदी को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।
बिनू कुमार महतो ने श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम हेतु 200 बड़े गृहों के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि इसका किराया निःशुल्क रखा जाए। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए शौचालय एवं स्नानघर की व्यवस्था नदी किनारे अलग-अलग स्थानों पर की जाए, ताकि नदी की साफ-सफाई बनी रहे।
उन्होंने मांग की कि मंदिर न्यास समिति में स्थानीय प्रखंड स्तरीय विभिन्न दलों के 11 सदस्यों को भी शामिल किया जाए। पुजारियों की नियुक्ति सुविधा एवं व्यवस्था के आधार पर एक वर्ष के लिए की जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 200 गार्डों की बहाली की जाए।
उन्होंने श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था तथा जगह-जगह कूड़ेदान लगाने की भी मांग की, ताकि दोना, पत्तल, नारियल के छिलके एवं अन्य कचरे का उचित निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास समिति द्वारा प्रथम एवं द्वितीय VIP दर्शन से होने वाली आय का उपयोग पुजारियों, गार्डों और साफ-सफाई व्यवस्था पर किया जाए तथा शेष राशि मंदिर विकास कार्यों में खर्च की जाए।
रामगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी बिनू कुमार महतो ‘युवा टाइगर’ ने कहा कि उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, हजारीबाग सांसद, रामगढ़ विधायक, उपायुक्त रामगढ़ एवं अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ को आवेदन देकर मां छिन्नमस्तिके मंदिर रजरप्पा के विकास एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं की व्यवस्था जल्द से जल्द कराने की मांग की है।
