रामदिनेश यादव / मुंबई
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर महायुति के भीतर सीट बंटवारे पर खींचतान तेज हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच सीटों को लेकर टकराव खुलकर सामने आने लगा है। सूत्रों के अनुसार, सीट बंटवारे में सीएम फडणवीस की ‘मनमानी’ से नाराज एकनाथ शिंदे ने हाल ही में दिल्ली जाकर पार्टी नेतृत्व से शिकायत भी की थी। पार्टी नेता अमित शाह से मिलकर दस्तूर ए फडणवीस बयां किया। जिसके बाद फडणवीस भी तमतमा गए। मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस और एकनाथ शिंदे के बीच करीब २० मिनट तक बंद कमरे में इस विषय पर गर्म चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि इस बैठक में विधान परिषद की सीटों को लेकर तीखी बहस हुई। सूत्रों का दावा है कि फडणवीस को इस बात का गुस्सा आया कि आखिर शिंदे अमित शाह के पास क्यों गए? उन्होंने शिंदे से पूछा भी की जब हम यहां सुलझा सकते हैं तो वहां क्यों गए? बैठक के बाद जब एकनाथ शिंदे मीडिया के सामने आए तो गुस्सा उनके चेहरे पर साफ दिखा। इस दौरान जब पत्रकारों ने सीट बंटवारे को लेकर सवाल पूछ लिया। इस पर शिंदे नाराज हो गए और उन्होंने तीखे अंदाज में प्रतिक्रिया दी।
शिंदे गुट का पांच से छह सीटों पर दावा
सूत्रों के मुताबिक, शिंदे गुट पांच से छह सीटों पर दावा कर रहा है। ठाणे, नाशिक, छत्रपति संभाजीनगर, रायगड, हिंगोली-परभणी और रत्नागिरी-रायगड क्षेत्र की सीटों को लेकर शिंदे गुट आक्रामक रुख अपनाए हुए है, वहीं भाजपा छत्रपति संभाजीनगर सीट छोड़ने को तैयार नहीं है, जबकि पार्टी रायगड सीट पर भी दावा कर रही है। इसी वजह से कई दौर की बैठकों के बावजूद सहमति नहीं बन पा रही है।
