मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में फर्जी वीआईपी सवारी!

मुंबई में फर्जी वीआईपी सवारी!

-खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहीं विधायक, सांसद और विधान भवन के लोगो वाली गाड़ियां

-खतरनाक साबित हो सकती है पुलिस की अनदेखी

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई शहर में आम लोगों द्वारा अपनी कारों पर विधायक या सांसद के नाम लेबल, विधान भवन का लोगो और लाल-नीली बत्ती वाले स्टिकर लगाने की चौंकानेवाली घटनाएं आम हो रही हैं। फर्जी लोगों की सवारी वीआईपी बनकर शहर में बिना किसी रोक-टोक के घूम रही है। इस तरह का फर्जी वीआईपी का धंधा कभी भी घातक साबित हो सकता है, क्योंकि जिन गाड़ियों पर विधायक, सांसद का लेबल या लाल-नीली बत्ती लगी रहती है उन गाड़ियों को पुलिस नाकाबंदी या सर्च ऑपरेशन के दौरान नहीं रोकती है। ऐसी स्थिति में फर्जी वीआईपी गाड़ियों से हथियार, ड्रग्स की खेप या बड़ी मात्रा में ब्लैक मनी की सप्लाई करने का डर बना रहता है।
बता दें कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने शहर में ‘वीआईपी कल्चर’ को खत्म करने के लिए एक खास मुहिम शुरू की है। मुहिम के तहत की जा रही कार्रवाई में चौंकानेवाले खुलासे हो रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने अंधेरी-ईस्ट के सहार ट्रैफिक डिविजन की सीमा में एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोका। इस कार पर महाराष्ट्र विधानसभा का ऑफिशियल लोगो लगा हुआ था और कार में लाल और नीली एलईडी लाइटें लगी हुई थीं। जब पुलिस ने कार की अच्छी तरह से जांच की तो पता चला कि कार किसी जनप्रतिनिधि की नहीं, बल्कि एक कपड़ा व्यापारी की है।
कपड़ा व्यापारी को कहां से मिले विधान भवन के लोगो
पुलिस अब यह पता करने में जुटी है कि कपड़ा व्यापारी को विधान भवन का लोगो वाला स्टिकर कहां से मिला। इसके अलावा लाल-नीली बत्ती वाली एलईडी लाइट कहां से हासिल की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि संभवत: बाजार में चोरी-छिपे वीआईपी वाले स्टिकर बेचे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई फर्जी वीआईपी वाली गाड़ी के मालिक से गहन पूछताछ की जा रही है।

अन्य समाचार