मुख्यपृष्ठसमाचारशादी में गया परिवार, पीछे से सूना घर साफ… झूंसी में चोरों...

शादी में गया परिवार, पीछे से सूना घर साफ… झूंसी में चोरों का खौफ

राजेश सरकार

प्रयागराज। गंगानगर के झूंसी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए सूने मकान को निशाना बना डाला। रहीमपुर चौकी अंतर्गत शेरडीह मोरी के पास बदमाशों ने बंद पड़े घर का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई है और लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

जानकारी के मुताबिक अभय राज यादव अपने परिवार के साथ ससुराल में विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर सूना पाकर देर रात चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर पूरे घर को खंगाल डाला। चोर नकदी और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।

सुबह जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत अभय राज यादव को सूचना दी, जिसके बाद परिवार मौके पर पहुंचा। घर का सामान बिखरा देख परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त बढ़ाने के बावजूद ऐसी वारदातों पर रोक नहीं लग पा रही है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

अन्य समाचार