मुख्यपृष्ठसमाचारवर्दी का सपना दिखाकर किसान से ठगे 7 लाख रुपए

वर्दी का सपना दिखाकर किसान से ठगे 7 लाख रुपए

राजेश सरकार / प्रयागराज

गंगानगर के मऊआइमा थाना क्षेत्र में पुलिस भर्ती के नाम पर सुनियोजित ठगी का मामला उजागर हुआ है, जहां बेरोजगारी की मार झेल रहे एक किसान परिवार को ‘नौकरी की गारंटी’ का झांसा देकर 7 लाख रुपये ठग लिए गए। थानाक्षेत्र के ग्राम छाता निवासी श्यामलाल बिंद ने बताया कि उनका बेटा राम मूरत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इसी बीच वर्ष 2023 में ग्राम देवगलपुर के अनिल कुमार यादव व उसके परिजन ने पुलिस में भर्ती कराने का दावा करते हुए भरोसा दिलाया कि चयन पक्का है। बेटे के भविष्य की खातिर श्यामलाल ने गरीबी के बावजूद अपना खेत गिरवी रखकर आरोपियों को 7 लाख रुपये सौंप दिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने लंबे समय तक ज्वाइनिंग लेटर आने का झांसा देकर मामले को टाले रखा। जब भर्ती नहीं हुई और पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो उसे गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी तक दी गई। श्यामलाल के अनुसार, 6 अगस्त 2025 को मऊआइमा थाने में शिकायत के बाद समझौता हुआ था, जिसमें रकम लौटाने का वादा किया गया, लेकिन आरोपियों ने रकम नहीं लौटाई। लगातार ठगे जाने के बाद पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मऊआइमा पुलिस ने अनिल कुमार यादव व उसके परिजन के खिलाफ जालसाजी और धमकी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना बताती है कि सरकारी नौकरी के नाम पर सक्रिय ठग गिरोह बेरोजगार युवाओं और उनके परिवारों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस भर्ती जैसी प्रक्रियाओं में सिफारिश और पैसों के झांसे का जाल फैलाकर मासूम लोगों की मेहनत की कमाई लूटी जा रही है।

अन्य समाचार