द्रुप्ति झा / मुंबई
बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री नोरा फतेही अपने एक आइटम गीत ‘सरके चुनरी सरके’ के कारण मुसीबत में फंसती नजर आ रही हैं। यह एक मूल कन्नड़ फिल्म का गीत है, जिसे हिंदी में भी डब किया गया है। इस गीत के बोल महाअश्लील हैं। अब इस फिल्म के निर्माता व कलाकारों के खिलाफ महिला आयोग में शिकायत की गई है। बता दें कि इस गाने में नोरा के साथ मुन्नाभाई संजय दत्त ने भी कूल्हे मटकाए हैं। यह एक दोअर्थी गीत है। फिल्म में शराब की बोतल को केंद्र में रखकर दोअर्थी व ‘महाअश्लील’ शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिसे यहां लिखना संभव नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार, इस गाने के बोल महिलाओं की भावनाओं और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले हैं। महिला आयोग के समक्ष मुंबई हाई कोर्ट के एड. आशीष राय, एड. पंकज कुमार मिश्रा, एडवोकेट प्राची पांडेय द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है।
‘गीत पर तुरंत रोक लगाओ’
शिकायत में बताया गया है कि यह गीत कुछ दिनों पहले ही युट्यूब पर रिलीज किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि फिल्म निर्माता एवं कलाकारों द्वारा सस्ती लोकप्रियता के लिए किया गया यह कृत्य अत्यंत ही निंदनीय है। शिकायत में मांग की गई है कि इस गीत के ऊपर तत्काल रूप से रोक लगाई जाए।
