– कैब ड्राइवर की महिला यात्री से बदसलूकी
– ४० रुपए के विवाद में मारपीट का आरोप
– सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में एक सामान्य ऐप आधारित कैब से यात्रा एक महिला के लिए कथित तौर पर डरावने और हिंसक अनुभव में बदल गई। इंस्टाग्राम पर साझा की गई एक वायरल पोस्ट के अनुसार, किराए को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। कैब चालक ने न सिर्फ महिला की बांह मरोड़ी और थप्पड़ मारे, बल्कि और मारने की धमकी भी दी।
यह पोस्ट इंस्टाग्राम यूजर शिवानी ने साझा की है। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘यह घटना एक वैâब राइड के दौरान हुई। ऐप पर किराया ५०१ रुपए दिख रहा था, लेकिन ड्राइवर ने ऐप के बाहर अतिरिक्त ४० रुपए की मांग की। जब मैंने इनकार किया तो वह मुझे डराने के लिए मेरे करीब आ गया। मैंने उसका विरोध किया। इसके बाद सिर्फ बहस नहीं हुई, उसने मुझे थप्पड़ मारा। उसने मेरा हाथ पकड़कर मरोड़ा, जिससे मुझे चोट लगी। फिर उसने कहा, ‘फिर से मार के दिखाऊं क्या?’
कार लॉक करके बदतमीजी करना चाहता था कैब चालक!
सोशल मीडिया पर एक महिला ने कैब राइड का डरावना अनुभव शेयर किया है। एक कैब चालक ने उसे थप्पड़ मारे। महिला कहती है, ‘मैंने तुरंत अपने ऑफिस की टीम को फोन किया। वे नीचे आए और मेरी मदद की। यह सिर्फ सेवा से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि सुरक्षा का मामला है।’ वीडियो में महिला ने आगे बताया कि जब वह गाड़ी से उतर रही थी, तब ड्राइवर ने कथित तौर पर कार को लॉक करने की कोशिश की। उस समय उसका एक पैर पहले ही वाहन के बाहर था।
महिला के अनुसार, इसके बाद ड्राइवर भी गाड़ी से बाहर निकला और उसकी ओर बढ़ा। आत्मरक्षा में उसने उसे धक्का दिया, जिसके बाद ड्राइवर ने कथित तौर पर उसे थप्पड़ मार दिया। महिला ने दावा किया कि मौके पर मौजूद २-३ लोगों ने बीच-बचाव किया और स्थिति को शांत करने में मदद की। उसका आरोप है कि ड्राइवर ने कोई पछतावा नहीं दिखाया और बार-बार उसे धमकाता रहा। महिला ने यह भी दावा किया कि बाद में प्लेटफॉर्म पर उसका अकाउंट भी बंद कर दिया गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। कई यूजर्स ने ड्राइवर के व्यवहार के साथ-साथ प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाए। एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘आपके साथ जो हुआ, उसके लिए मुझे बहुत दुख है।’ एक अन्य टिप्पणी में कहा गया, ‘यह बेहद शर्मनाक व्यवहार है। कृपया इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए।’
