-चंदौली में सपा महिला जिलाध्यक्ष की घर में घुसकर पिटाई
सामना संवाददाता / लखनऊ
उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के बड़े-बड़े दावों के बीच अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद दिखाई दे रहे हैं। अमेठी में सपा विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर हुए हंगामे के बाद अब चंदौली में सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर जानलेवा हमला प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जलीलपुर चौकी अंतर्गत मढ़िया गांव में गुरुवार सुबह घर में घुसकर गार्गी पटेल को निशाना बनाया गया। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखता है कि हमलावरों ने उन्हें बाल पकड़कर घसीटा, बेरहमी से पीटा और सिर पर टेबल दे मारी। बचाने आई महिला पर भी हमला किया गया, जिसके बाद वह जान बचाकर भागी। यह दृश्य बताता है कि अपराधियों में पुलिस और प्रशासन का भय किस कदर खत्म हो चुका है।
गार्गी पटेल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वाराणसी के काशी विद्यापीठ ब्लॉक के पूर्व ज्येष्ठ प्यारे मामा के साथ १५ वर्षों से जमीन का कारोबार करती हैं। इस हमले के पीछे जमीन से जुड़ा विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।
मथुरा में भंडारे के बीच गोलियों की गूंज
इसी बीच मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित महोली गांव में ८४ कोस परिक्रमा मार्ग पर भंडारे के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग और बवाल ने श्रद्धालुओं में दहशत पैâला दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्लोक कुमार ने थाना हाईवे प्रभारी शैलेंद्र कुमार को लाइन हाजिर, चौकी प्रभारी और बीट कांस्टेबल को निलंबित किया। सवाल यही है, जब जनता, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु तक सुरक्षित नहीं, तो कानून का इकबाल कहां बचा?
