मुख्यपृष्ठनए समाचारबेखौफ बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के सीजर वीर बहादुर सिंह की गोली...

बेखौफ बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के सीजर वीर बहादुर सिंह की गोली मारकर की हत्या

उमेश गुप्ता / वाराणसी

वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर ओवरब्रिज पर रविवार की शाम बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के सीजर वीर बहादुर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वीर बहादुर सिंह चोलापुर थाना क्षेत्र के पलहीपट्टी का निवासी था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर वीर बहादुर के घर उनके मौत की खबर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि वीर बहादुर सिंह चार पहिया वाहन से और उसके साथ सूरज चौहान, हरहुआ निवासी विशाल और घमहापुर निवासी चालक सूरज सिंह थे। चारों एक वाहन स्वामी से बकाया वसूली के लिए पहले से ओवरब्रिज पर पहुंचे थे। इस दौरान वीर बहादुर सिंह ने बकाया किस्त वसूली के लिए एक चार पहिया वाहन को रोका। विवाद होने पर रोके गए वाहन में सवार व्यक्ति ने गोली मार दी। गोली लगते ही वीर बहादुर लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इस दौरान हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना पर बाबतपुर चौकी प्रभारी प्रीतम तिवारी सहयोगियों के साथ पहुंचे। इसके बाद वीर बहादुर को मलदहिया स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। ओवरब्रिज पर गोली मारकर हत्या की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

अन्य समाचार