मुख्यपृष्ठसमाचारमानसरोवर पार्क की बिल्डिंग में लगी आग, पड़ोसियों और प्रशासन ने लोगों...

मानसरोवर पार्क की बिल्डिंग में लगी आग, पड़ोसियों और प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित निकाला

योगेश कुमार सोनी (पूर्वी दिल्ली): दिल्ली के शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में शनिवार देर रात एक चार मंजिला इमारत की पार्किंग में आग लग गई। आग लगने के बाद सीढ़ियों के रास्ते धुआं तेजी से ऊपर फैल गया, जिससे कई लोग अपने घरों में फंस गए। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। धुएं के कारण सभी को सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें जीटीबी अस्पताल भेजा गया। इनमें से तीन लोगों को छोड़कर बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

मदर डेयरी वाली गली स्थित डी-45 नंबर की करीब 100 गज की इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर स्टिल्ट पार्किंग बनी हुई है, जबकि ऊपर चार मंजिलों पर अलग-अलग परिवार रहते हैं। देर रात करीब 12:05 बजे पार्किंग में रखे कबाड़, फर्नीचर और अन्य सामान में कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। यह सामान सीढ़ियों के पास रखा था, जिससे आग और धुएं ने निकासी का रास्ता लगभग बंद कर दिया।

आग की लपटें और धुआं ऊपर पहुंचने पर लोग घबरा गए और बालकनी में आकर मदद की गुहार लगाने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। डिप्टी फायर चीफ एक मलिक के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बिल्डिंग के सामने सीढ़ी लगाकर एक 12 वर्षीय बच्ची समेत नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इस हादसे में वंशिका (20), तनिष्का सोनी (19), दुर्गेश देवी (49), योगेश वर्मा (50), राजरानी (65), अरुण गर्ग (48), अनाया (12), रेनु गर्ग (19) और प्रतीक गर्ग (19) को सुरक्षित निकाला गया। सभी को पीसीआर और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के चश्मदीद गौरव अग्रवाल ने बताया कि जैसे ही उन्होंने आग की लपटें देखीं, वह तुरंत कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को बिल्डिंग से निकालना शुरू कर दिया। कुछ लोग मेन रोड पर खड़े होकर दमकल और एंबुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचाने में मदद करते रहे।

पहली मंजिल पर मौजूद कुछ लोगों ने बेडशीट बांधकर नीचे उतरने की कोशिश की, जबकि कुछ को लकड़ी की सीढ़ी के सहारे निकाला गया। बाद में दमकल टीम ने ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब रात पौने दो बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल मानसरोवर पार्क थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अन्य समाचार