मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिमारवाड़ी घोड़ों की शान के साथ विदेशी मेहमान खेलेंगे शोभावास में रंगों...

मारवाड़ी घोड़ों की शान के साथ विदेशी मेहमान खेलेंगे शोभावास में रंगों की होली

 

मुंबई। राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और शौर्य की पहचान माने जाने वाले मारवाड़ी घोड़ों की शान एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। गोडवाड़ क्षेत्र के प्रसिद्ध सांस्कृतिक गांव शोभावास में इस वर्ष भी विदेशी पर्यटक पारंपरिक अंदाज में होली का रंगोत्सव मनाएंगे। इस अनूठे आयोजन को लेकर देश-विदेश में उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ऐतिहासिक दुर्ग कुंभलगढ़ किला और जवाई क्षेत्र के बीच लगभग 240 किलोमीटर की यात्रा विदेशी पर्यटक पारंपरिक मारवाड़ी घोड़ों पर तय कर रहे हैं। यह सफर केवल पर्यटन नहीं बल्कि राजस्थान की वीरता, परंपरा और ग्रामीण संस्कृति को करीब से अनुभव करने का अवसर भी बन रहा है। अपने शानदार कद, तेज चाल और राजपूताना शान के कारण मारवाड़ी घोड़े दुनिया भर में विशेष पहचान रखते हैं।

इस आयोजन का संचालन हॉर्स इंडिया द्वारा किया जा रहा है। संस्था के निदेशक डॉ. अजीत सिंह के अनुसार इंग्लैंड, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, नीदरलैंड और बेल्जियम से आए 11 विदेशी मेहमान 21 फरवरी से गोडवाड़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण जीवन को करीब से देख रहे हैं। होली के अवसर पर वे शोभावास गांव में स्थानीय लोगों के साथ पारंपरिक रंगोत्सव में भाग लेंगे। मुंबई से जुड़े सामाजिक चिंतक एवं लेखक भरतकुमार सोलंकी ने कहा कि राजस्थान की लोक परंपराएं और मारवाड़ी घोड़ों की शान देश की सांस्कृतिक पहचान है। ऐसे आयोजन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देते हैं बल्कि दुनिया को भारतीय ग्रामीण संस्कृति की जीवंत झलक भी दिखाते हैं।

आयोजन समिति के सदस्य लालाराम मीणा ने बताया कि इस आयोजन को लेकर गांव में विशेष उत्साह रहता है। ग्रामीणों के साथ-साथ मुंबई, पुणे सहित कई शहरों से लोग अपने गांव पहुंचते हैं ताकि इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बन सके। गोडवाड़ क्षेत्र में आयोजित होने वाला यह अनोखा रंगोत्सव अब धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय पहचान बना रहा है, जहां परंपरा, पर्यटन और संस्कृति एक साथ नजर आते हैं।

अन्य समाचार