सामना संवाददाता / मुंबई
हिंदुस्थान के आराध्य देव और हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज को नमन करने के लिए शुक्रवार, १३ मार्च को स्थानीय लोकाधिकार समिति महासंघ की ओर से भव्य शिवराय मार्च का आयोजन किया गया है। इस मार्च का शुभारंभ शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के हाथों होगा। पारंपरिक और भव्य तरीके से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान फोर्ट छत्रपति शिवाजी महाराज के जयघोषों से गूंज उठेगा।
स्थानीय लोकाधिकार समिति महासंघ की ओर से हर वर्ष शिवजयंती के बाद शिवराय मार्च का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी इसकी जोरदार तैयारी की जा रही है। शुक्रवार को दोपहर ४ बजे फोर्ट स्थित हॉर्निमन सर्कल से इस मार्च की शुरुआत होगी। यह पदयात्रा रिजर्व बैंक की अमर बिल्डिंग से होते हुए गेटवे ऑफ इंडिया तक होगा। इसके बाद गेटवे ऑफ इंडिया के पास स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की पूर्णाकृति प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर और मानवंदना देकर इस पदयात्रा का समापन किया जाएगा। इस अवसर पर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख और विधायक आदित्य ठाकरे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। लोकाधिकार महासंघ के अध्यक्ष, शिवसेना नेता व सचिव तथा सांसद अनिल देसाई के मार्गदर्शन में इस शिवराय मार्च का आयोजन किया गया है। इस मार्च में शिवसेना नेता, उपनेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और संबद्ध संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
