-बिना मान्यता चल रहा था डिजाइन कोर्स
– १३२ छात्रों के भविष्य से खिलवाड़
जेदवी / मुंबई
मुंबई में शिक्षा के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। बांद्रा स्थित एक पैâशन संस्थान में पढ़ने वाले १३२ से अधिक छात्रों के साथ कथित तौर पर फर्जी डिग्री और गैर-मान्यता प्राप्त कोर्स के जरिए धोखाधड़ी किए जाने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। इस खुलासे के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील ने १३२ छात्रों के साथ हुई इस धोखाधड़ी का गंभीर संज्ञान लेते हुए दोषी संस्थानों पर केस दर्ज करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही सरकार ने प्रभावित छात्रों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित करने के लिए नई शिक्षा नीति के तहत वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार शुरू कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलेज प्रबंधन ने बीएससी और बीवोक (इंटीरियर डिजाइन) कोर्स को पहले मणिपुर की संगाई यूनिवर्सिटी से संबद्ध बताकर छात्रों को प्रवेश दिलाया। बाद में पता चला कि उक्त यूनिवर्सिटी की मान्यता वर्ष २०२४ में ही रद्द हो चुकी थी। इसके बाद कोर्स को सिक्किम इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से संबद्ध बताया गया, लेकिन वह विश्वविद्यालय भी यूजीसी की डिफॉल्टर सूची में शामिल निकला।
मामला तब सामने आया जब छात्रों को दी गई मार्कशीट में गंभीर गड़बड़ियां मिलीं। कई मार्कशीट में विषयों के नाम तक गायब थे, जबकि क्यूआर कोड स्वैâन करने पर अलग-अलग विश्वविद्यालयों की जानकारी सामने आ रही थी। इससे छात्रों के शैक्षणिक भविष्य पर संकट खड़ा हो गया।
