मुख्यपृष्ठग्लैमरउत्सव से लेकर परिवार के साथ खास पलों तक: सोनी सब के...

उत्सव से लेकर परिवार के साथ खास पलों तक: सोनी सब के कलाकारों के बीच दिखा गुड़ी पड़वा का उल्लास

मुंबई ।  गुड़ी पड़वा का त्योहार खुशियों, परंपरा और नई शुरुआत के संदेश के साथ मनाया जाता है। घरों के बाहर पारंपरिक गुड़ी फहराने से लेकर स्वादिष्ट पकवान बनाने और परिवार के साथ मिलकर जश्न मनाने तक, यह पर्व नए जीवन और ताजगी का एहसास कराता है। हर परिवार अपनी अपनी तरह से इस पर्व को मनाता है, लेकिन गुड़ी पड़वा की असली रौनक उन छोटे छोटे रिवाजों में छिपी होती है, जो इस दिन को खास बना देते हैं। घर सजाना, मिल बैठकर त्योहार के विशेष व्यंजनों का आनंद लेना और आने वाले वर्ष का स्वागत उम्मीद और आभार के साथ करना इस पर्व की खास पहचान है।

इस खास अवसर पर सोनी सब के कलाकार अक्षया हिंदालकर, श्रेणु पारिख, ऋषि सक्सेना, दीक्षा जोशी और रजत वर्मा ने साझा किया कि यह त्योहार उनके लिए किस तरह खास है और कौन सी यादें या परंपराएं इसे और भी अर्थपूर्ण बनाती हैं।

अक्षया हिंदालकर, जो पुष्पा इम्पॉसिबल में राशी पटेल का किरदार निभा रही हैं, कहती हैं, “यह गुड़ी पड़वा मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि यह मेरी शादी के बाद का पहला त्योहार है। बचपन से ही यह पर्व मेरे लिए नई शुरुआत, सकारात्मकता और जीवन के नए अध्याय का स्वागत करने की खुशी का प्रतीक रहा है। इस साल यह भावना और भी गहरी हो गई है, क्योंकि मैं इसे अपने नए परिवार के साथ मना रही हूं और नई परंपराओं, प्यार और अपनेपन को महसूस कर रही हूं। सुबह जल्दी उठना, घर सजाने में मदद करना, मिलकर त्योहार के पकवान बनाना और पूरे विश्वास तथा खुशी के साथ गुड़ी फहराते हुए देखना, इन सबमें एक अलग ही अपनापन और गर्मजोशी महसूस होती है। मैं नई यादें बनाने और उन परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हूं, जो इस त्योहार को इतना खास बनाती हैं। सभी को गुड़ी पड़वा की ढेर सारी शुभकामनाएं।”

श्रेणु पारिख, जो गणेश कार्तिकेय में देवी पार्वती का किरदार निभा रही हैं, कहती हैं, “पिछले कुछ वर्षों में गुड़ी पड़वा का त्योहार मेरे लिए बहुत खास बन गया है। मैं गुजराती हूं, इसलिए बचपन में अपनी परंपराओं के अनुसार त्योहार मनाती थी। लेकिन शादी के बाद एक महाराष्ट्रीयन परिवार में आकर मैंने इस पर्व को करीब से महसूस किया। यह एक सुंदर सांस्कृतिक अनुभव रहा है। मुझे लगता है कि त्योहारों की असली खूबसूरती यही है कि वे अलग अलग परंपराओं को जोड़ते हैं। सभी को गुड़ी पड़वा की हार्दिक शुभकामनाएं। नया साल आपके जीवन में सकारात्मकता, अच्छी सेहत और ढेर सारी खुशियां लेकर आए।”

ऋषि सक्सेना, जो इत्ती सी खुशी में संजय भोसले का किरदार निभा रहे हैं, कहते हैं, “गुड़ी पड़वा हमेशा से मेरे लिए एक ऐसा त्योहार रहा है जो नई शुरुआत और सकारात्मकता का सुंदर एहसास कराता है। मराठी इंडस्ट्री में काम करते हुए मुझे इस पर्व की गर्मजोशी और रंगीन माहौल को करीब से देखने का मौका मिला है। मेरे कई करीबी दोस्त महाराष्ट्रीयन हैं और उनके जरिए मैंने गुड़ी पड़वा से जुड़ी परंपराओं और भावनाओं को समझा है। सजे धजे घरों के बाहर खूबसूरत गुड़ी देखना, त्योहार के पकवानों का स्वाद लेना और चारों तरफ फैली उत्सव की रौनक महसूस करना दिल को छू जाता है। गुड़ी पड़वा मना रहे सभी लोगों को मेरी ओर से ढेर सारी शुभकामनाएं।”

दीक्षा जोशी, जो पुष्पा इम्पॉसिबल में दीप्ति का किरदार निभा रही हैं, कहती हैं, “भले ही मैं दिल से गुजराती हूं, लेकिन मुंबई में रहने से मुझे यहां की सुंदर परंपराओं को समझने और उनसे जुड़ने का अवसर मिला है। मुझे अच्छा लगता है जब शहर रंग बिरंगी रंगोलियों से सज जाता है, घरों के बाहर सुंदर गुड़ी दिखाई देती है और परिवार मिलकर नए साल का स्वागत खुशी और उम्मीद के साथ करते हैं। सभी को गुड़ी पड़वा की ढेर सारी शुभकामनाएं।”

रजत वर्मा, जो इत्ती सी खुशी में विराट का किरदार निभा रहे हैं, कहते हैं, “मुंबई में रहते हुए इस त्योहार का उत्साह चारों तरफ महसूस किया जा सकता है। सुबह से ही मोहल्लों में एक अलग रौनक होती है। घरों के बाहर रंग बिरंगी गुड़ी दिखाई देती है, दरवाजों पर रंगोलियां सजती हैं और पूरे माहौल में त्योहार की चहल पहल रहती है। यह दिन सच में एक नई शुरुआत जैसा लगता है। सभी को गुड़ी पड़वा की हार्दिक शुभकामनाएं।” इत्ती सी खुशी, गणेश कार्तिकेय और पुष्पा इम्पॉसिबल देखने के लिए जुड़े रहिए, सिर्फ सोनी सब पर।

अन्य समाचार