मुख्यपृष्ठनए समाचारगंगा ने छीन ली मासूम दोस्तों की सांसें... एक का शव मिला, दूसरे...

गंगा ने छीन ली मासूम दोस्तों की सांसें… एक का शव मिला, दूसरे की तलाश में डूबे हैं उम्मीदों के दीप

राजेश सरकार / प्रयागराज

मंगलवार का दिन प्रयागराज के झूंसी इलाके में ऐसा मातमी सन्नाटा छोड़ गया, जिसे शब्दों में बांध पाना मुश्किल है। यहां एक आश्रम के पास गंगा में नहाने गए दो मासूम किशोर अचानक गहरे पानी की लहरों में समा गए। देखते ही देखते दो दोस्त जिंदगी और मौत के बीच जूझने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद एक किशोर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें हमेशा के लिए थम चुकी थीं। मृतक की पहचान 10 वर्षीय अर्पित यादव के रूप में हुई, जिसकी नन्ही जिंदगी गंगा की गहराई में बुझ गई। वहीं उसका साथी 11 वर्षीय लवकुश यादव अब भी लापता है। उसकी तलाश में एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार गंगा की लहरों को टटोल रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
 खेलने निकले थे दोनों दोस्त
बताया जाता है कि दोनों बच्चे मंगलवार दोपहर घर से खेलने निकले थे। किसी को क्या पता था कि यह खेल उनकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगा। घटना के समय पास ही एक चरवाहा अपनी भैंस चरा रहा था। उसी की नजर बच्चों पर पड़ी, जब वे डूब रहे थे। उसकी सूचना पर गांव और प्रशासन हरकत में आया, लेकिन एक मासूम को बचाया नहीं जा सका, और दूसरा अब भी लहरों में कहीं खोया हुआ है।
 दूसरे की तलाश जारी
थानाध्यक्ष महेश मिश्रा के अनुसार, लापता किशोर की तलाश लगातार जारी है। लेकिन गांव में पसरा सन्नाटा, रोते-बिलखते परिजन और बुझती उम्मीदें इस हादसे की असहनीय पीड़ा को बयान कर रही हैं।
 दो परिवारों की खुशियां भी डूबी
यह हादसा सिर्फ दो बच्चों की जिंदगी नहीं ले गया, बल्कि दो परिवारों की खुशियों, सपनों और मासूम दोस्ती को भी हमेशा के लिए गंगा की गोद में दफना गया।

अन्य समाचार