मुख्यपृष्ठसमाचारभीषण गर्मी में पेट्रोल बचाकर घोड़े पर जनगणना कार्य कर रहे... गढ़वा...

भीषण गर्मी में पेट्रोल बचाकर घोड़े पर जनगणना कार्य कर रहे… गढ़वा के शिक्षक मुन्ना प्रसाद

अनिल मिश्र / रांची

जहां एक ओर मध्य-पूर्व में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण दुनिया भर में ऊर्जा संकट और तेल-गैस की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ी हुई है, वहीं झारखंड के गढ़वा जिले से एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। यहां धुरकी प्रखंड क्षेत्र स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सह हाई स्कूल, टाटीदिरी के सहायक शिक्षक मुन्ना प्रसाद गुप्ता इन दिनों अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं।
मुन्ना प्रसाद गुप्ता घोड़े पर सवार होकर गांव-गांव पहुंच रहे हैं और जनगणना का कार्य कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि काम के प्रति लगन और देश के प्रति समर्पण हो, तो कठिन परिस्थितियों को भी अवसर में बदला जा सकता है।
उन्होंने बताया कि प्राचीन काल में लोग हाथी और घोड़े जैसे पशुओं का उपयोग सवारी और लंबी दूरी तय करने के लिए करते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचाने की अपील से प्रेरित होकर उन्होंने जनगणना कार्य के लिए अपने घोड़े “चेतक” को सवारी बनाया है। इससे जहां पेट्रोल-डीजल की बचत हो रही है, वहीं गांवों में पहुंचकर जनगणना कार्य करना भी आसान हो गया है।
मुन्ना प्रसाद ने बताया कि जैसे ही वह घोड़े पर सवार होकर गांव में पहुंचते हैं, ग्रामीण स्वतः ही घरों से बाहर निकल आते हैं। इससे लोगों को अलग से बुलाने की जरूरत नहीं पड़ती और जनगणना का कार्य तेजी से पूरा हो जाता है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पारसनाथ यादव ने कहा कि मुन्ना प्रसाद गुप्ता अपने कार्य के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों को आसान बनाकर कार्य करना सभी के लिए सीख है। विद्यालय उनके कार्य से बेहद खुश है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
टाटीदिरी पंचायत के मुखिया शकुनी राम ने कहा कि मुन्ना प्रसाद गुप्ता पूरे पंचायत क्षेत्र के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने अन्य सरकारी कर्मियों से भी अपील की कि संसाधनों की कमी के कारण जनता का काम बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुन्ना प्रसाद के कार्यों से सीख लेकर लोग कठिन परिस्थितियों में भी मिसाल कायम कर सकते हैं।
वहीं गढ़वा के जिला शिक्षा पदाधिकारी कैशर राजा ने कहा कि मुन्ना प्रसाद गुप्ता अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकट परिस्थितियों में भी कुशलतापूर्वक कार्य करना अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी मेहनत और लगन को सलाम करने की जरूरत है।
भारत सरकार के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जनगणना कार्य की जिम्मेदारी निभा रहे शिक्षक मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने ईंधन बचत का संदेश देते हुए अपने कार्य करने के अनोखे तरीके से लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।

अन्य समाचार