मुख्यपृष्ठनए समाचारगैस खत्म, खाना कम...मरीजों की थाली से आधी रोटी गायब!

गैस खत्म, खाना कम…मरीजों की थाली से आधी रोटी गायब!

-लखनऊ के सरकारी अस्पताल में पेशेंट्स को ४ की जगह परोसी जा रही सिर्फ २ चपाती

सामना संवाददाता / लखनऊ

लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में भर्ती मरीजों के खाने पर भी अब एलपीजी संकट का असर दिखाई देने लगा है। अस्पताल में मरीजों को दी जाने वाली थाली में रोटियों की संख्या घटा दी गई है। पहले जहां मरीजों को एक समय में ४ रोटियां दी जाती थीं, वहीं अब उन्हें सिर्फ २ रोटियां ही मिल रही हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, रसोई में इस्तेमाल होने वाली एलपीजी गैस की आपूर्ति में दिक्कत और बढ़ती लागत के कारण भोजन व्यवस्था प्रभावित हुई है। इसी वजह से मरीजों की थाली में रोटियों की संख्या अस्थायी रूप से कम करनी पड़ी है।
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल में पहले से ही सीमित भोजन मिलता है, ऐसे में रोटियां कम कर देना मरीजों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला कदम है। कई लोगों का कहना है कि मरीजों को पर्याप्त पोषण मिलना जरूरी है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह अस्थायी व्यवस्था है। अधिकारियों के मुताबिक गैस की सप्लाई सामान्य होते ही भोजन व्यवस्था पहले की तरह कर दी जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया है कि मरीजों के पोषण से समझौता नहीं किया जाएगा और अन्य खाद्य पदार्थों की मात्रा संतुलित रखी जा रही है।

अन्य समाचार