मुख्यपृष्ठनए समाचारकरीबी उद्योगपतियों को ठेका दो...सैकड़ों करोड़ का इलेक्टोरल बॉन्ड लो

करीबी उद्योगपतियों को ठेका दो…सैकड़ों करोड़ का इलेक्टोरल बॉन्ड लो

-यह है भाजपा का गोरखधंधा… संजय राऊत का जोरदार हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

गौतम अडानी और भारतीय जनता पार्टी अलग नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इलेक्टोरल बॉन्ड पर फटकार लगाई है और जिन्होंने यह बॉन्ड खरीदकर भाजपा की तिजोरी भरी उनके नामों को सार्वजनिक करने का आदेश दिया है, इसमें सबसे ऊपर अडानी का नाम होगा। इस तरह का विश्वास शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता व सांसद संजय राऊत ने व्यक्त किया। वे एमएसआरटीसी बांद्रा में २९ एकड़ भूखंड पर रिक्लेमेशन प्रोजेक्ट अडानी को देने के मुद्दे पर बोल रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के ठेके पसंदीदा उद्योगपतियों को देकर उसके बदले में चुनावी फंड के तौर पर सैकड़ों करोड़ का इलेक्टोरल बॉन्ड लेना यह भाजपा का गोरखधंधा है। इसीलिए उसकी तिजोरी में हजारों करोड़ रुपए जमा हो गए हैं। संजय राऊत ने जोरदार हमला करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर दिया गया फैसला भाजपा का मुखौटा फाड़नेवाला है।
मीडिया से बात करते हुए संजय राऊत ने कहा कि मुंबई में खार भूमि का भूखंड, धारावी पुनर्विकास परियोजना और अब बांद्रा रेक्लमेशन का भूखंड भी अडानी को दे दिया गया। पूरी मुंबई को अडानी को दिया जा रहा है। मुंबई का नाम बदलकर अडानी नगर किए तो मुंबई के लिए बलिदान देनेवाले १०६ हुतात्माओं को स्वर्ग में फिर से बलिदान देना होगा। संजय राऊत ने सवाल करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे क्या कर रहे हैं? पूरी मुंबई उद्योगपतियों की जेब में जा रही है। मुंबई के ऊपर से मराठी की छाप मिटाई जा रही है और इसे दिल्ली के चोर मिटा रहे हैं।
भाजपा का खाता होना चाहिए फ्रीज
इनकम टैक्स ने कांग्रेस के खाते को फ्रीज किए जाने के मुद्दे पर संजय राऊत ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड का भ्रष्टाचार सामने आया है। काला धन, मनी लॉन्ड्ररिंग का पैसा भाजपा के खाते में गया है, ये स्पष्ट दिखाई दे रहा है। फिर कांग्रेस के खाते को क्यों फ्रीज किया जा रहा है? उन्होंने मांग करते हुए कहा कि भाजपा के खाते को फ्रीज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में इस फैसले का फटका लगेगा। संजय राऊत ने यह भी कहा कि भले ही हमारे पास पैसा नहीं है, लेकिन लोगों का अगाध समर्थन जरूर है।
चिपलून में घटित मामले पर संजय राऊत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कारण राज्य की संस्कृति और संस्कार पूरी तरह से बिगड़ गए हैं। भाजपा कीचड़ फेंकने के लिए कुछ गिरोह को किराए पर ले रही है। महाराष्ट्र की महान राजनीतिक संस्कृति, परंपरा पर नशा, शराब, अनैतिकता को हावी करने का काम भाजपा के किराए के गुंडे कर रहे हैं। महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति कमजोर होती जा रही है। संजय राऊत ने तंज कसते हुए कहा कि इसके लिए देवेंद्र फडणवीस, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मौजूदा भाजपा जिम्मेदार है।
किसानों के मुद्दे पर भी मोदी सरकार की ली खबर
इस बीच किसान आंदोलन के कारण रोज ५०० करोड़ रुपए का नुकसान होने की टिप्पणी करनेवाली मोदी सरकार की भी संजय राऊत ने खबर ली। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार किसानों के आंदोलन को बदनाम कर रही है। किसानों को गिरफ्तार करने के लिए जेल बना सकते हैं। अड़चन पैदा करने के लिए सड़क पर कीलें ठोंक सकते हैं, लेकिन रोजाना ५०० करोड़ रुपए का नुकसान होनेवाली बात कहनेवाली सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से लेकर सुलझाने के लिए तैयार नहीं है। इस आंदोलन का आज १६ वां दिन है, ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी क्या कर रहे हैं? वे विदेश में जाकर घंटा बजाते घूम रहे हैं। दो साल पहले हुए किसान आंदोलन को भी इसी तरह से बदनाम किया गया। उस समय भाजपा ने कहा था कि ये किसान नहीं खालिस्तानी हैं। उन्हें खालिस्तान से रसद मिल रही है। ये किसान नहीं नक्सलवादी, माओवादी हैं। अब भी वही प्रयास किया जा रहा है।

अन्य समाचार