मुख्यपृष्ठसमाचारपरेल स्थित ग्लेनेईगल्स अस्पताल ने रचा इतिहास...पूरे किए 1,000 से अधिक लीवर...

परेल स्थित ग्लेनेईगल्स अस्पताल ने रचा इतिहास…पूरे किए 1,000 से अधिक लीवर प्रत्यारोपण

सामना संवाददाता / मुंबई

परेल स्थित ग्लेनेईगल्स अस्पताल ने लिवर और पेट से जुड़ी 1002 सफल प्रत्यारोपण शल्यक्रियाएं पूरी कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ष 2014 से 2025 तक यानी 11 वर्षों में यह उपलब्धि हासिल कर अस्पताल ने पश्चिम भारत के प्रमुख लिवर प्रत्यारोपण केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है।यह सफलता अस्पताल के अनुभवी चिकित्सकों, सर्जनों और स्वास्थ्यकर्मियों की संयुक्त मेहनत व आधुनिक तकनीक के कारण संभव हुई। अस्पताल में लिवर देखभाल और प्रत्यारोपण कार्यक्रम 2014 में शुरू हुआ था, जो अब एक उन्नत केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है। इसमें विशेष लिवर गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) और प्रत्यारोपण गहन चिकित्सा इकाई की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।मुख्य आँकड़ों के अनुसार, कुल 1004 प्रत्यारोपणों में से 499 मुंबई के मरीजों पर, 218 महाराष्ट्र के अन्य भागों से, और शेष अन्य राज्यों व 30 विदेशी मरीजों पर किए गए। प्रत्येक प्रत्यारोपण एक साहसिक कहानी लिए हुए है, जिनमें शिशुओं से लेकर वयस्कों तक, जीवित और मृत दोनों प्रकार के दाताओं से सफल शल्यक्रिया की गई।हेपेटोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. अमीत मंडोत ने कहा कि हजार प्रत्यारोपण पूरे करना गर्व का विषय है और हर मरीज उनके लिए एक नई उम्मीद है। लिवर प्रत्यारोपण एवं एचपीबी शल्य विभाग के निदेशक डॉ. अनुराग श्रीमल के अनुसार यह सफलता टीम भावना और समर्पण का परिणाम है। वहीं, बाल लिवर प्रत्यारोपण निदेशक डॉ. विभोर बोरकर ने कहा कि हर बच्चे को स्वस्थ जीवन का अधिकार है, और अस्पताल इसी दिशा में कार्य करता रहेगा।अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. बिपिन चेवाले ने टीम और दाता परिवारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सहयोग इस सफलता की असली ताकत है।

अन्य समाचार