मुख्यपृष्ठनए समाचारशादी की खुशियों पर छाया मौत का मातम: एक की मौत, आठ...

शादी की खुशियों पर छाया मौत का मातम: एक की मौत, आठ घायल

राजेश सरकार
प्रयागराज। गंगानगर के फूलपुर क्षेत्र के बौड़ई कटौता गांव में मंगलवार देर रात खुशियों का माहौल अचानक चीख-पुकार में बदल गया। जहां कुछ ही पलों पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक घर का सहारा छीन लिया और कई परिवारों को गहरा दर्द दे दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शुकरू चौहान की दो बेटियों की शादी कानपुर देहात के उस्मानपुर जमराही निवासी पप्पू के पुत्र राहुल और दीपक के साथ तय थी। मंगलवार रात बारात पूरे उत्साह के साथ गांव पहुंची। स्वागत और नाश्ते के बाद द्वारचार की रस्म शुरू हुई।

रात करीब दो बजे बाराती सड़क किनारे खड़े होकर शादी की रस्मों का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान प्रतापपुर-फूलपुर मार्ग पर प्रतापपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन सीधे विवाह स्थल के पास खड़े डीजे से टकराई और फिर बारातियों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। कुछ ही सेकंड में खुशियों का माहौल दर्दनाक हादसे में बदल गया।

इस भीषण दुर्घटना में बौड़ई कटौता निवासी 32 वर्षीय रमेश पुत्र हरिहर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक ने भागने की कोशिश की और वाहन को आगे-पीछे करते हुए कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और बारातियों ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की, जिससे लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू में कर यातायात बहाल कराया।

यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक तेज रफ्तार और लापरवाही की कीमत लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ेगी। प्रदेश में हाल के दिनों में ऐसे कई हादसे सामने आए हैं, जो सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को उजागर करते हैं।

अन्य समाचार