राजेश सरकार / प्रयागराज
ट्रेनों में चोरी और छिनैती की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को जीआरपी नैनी को सफलता मिली। पुलिस ने एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल बरामद किया है।
यह विशेष अभियान पुलिस महानिदेशक रेलवे, आईजी रेलवे और एसपी रेलवे प्रयागराज के निर्देशन में चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में हो रही चोरी तथा अन्य अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण करना है।
सोमवार 16 मार्च को क्षेत्राधिकारी रेलवे अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण में जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में नैनी चौकी प्रभारी एसआई राजकुमार चौहान और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने नैनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4 के प्रथम निकास द्वार के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान उसकी पहचान कैफ पुत्र मोहम्मद सलीम के रूप में हुई। वह चेतगंज, थाना कटरा कोतवाली, मिर्जापुर का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रेडमी कंपनी का हल्के हरे रंग का टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया।
जांच में पता चला कि यह मोबाइल मुकदमा अपराध संख्या 609/2025, धारा 305 (सी) और 317 (2) बीएनएस से संबंधित चोरी का है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रेलवे स्टेशनों और चलती ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल और अन्य सामान चोरी करता था। चोरी के सामान को बेचकर वह ऐशो आराम के लिए पैसे खर्च करता था।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
