मुख्यपृष्ठटॉप समाचार‘जय भवानी, जय शिवाजी' का गगनभेदी जयघोष... फोर्ट इलाके में मानो उतर...

‘जय भवानी, जय शिवाजी’ का गगनभेदी जयघोष… फोर्ट इलाके में मानो उतर गया शिवकाल!.. भव्य-दिव्य शिवराय मार्च में हजारों मावले, शिवसैनिक शामिल

सामना संवाददाता / मुंबई

हिंदुस्थान के आराध्य देवता छत्रपति शिवाजी महाराज को नमन करने के लिए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पारंपरिक उत्साह के साथ आयोजित भव्य और दिव्य शिवराय मार्च के कारण शुक्रवार को फोर्ट इलाके में मानो फिर से शिवकाल उतर आया। ढोल-ताशों की गूंज, लेझिम, तुतारी की आवाज और ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। इस समारोह में स्थानीय लोकाधिकार समिति महासंघ के सदस्य और शिवसैनिक सहित हजारों मावले शामिल हुए।
हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के ज्वलंत विचारों से स्थापित स्थानीय लोकाधिकार समिति महासंघ द्वारा पिछले ५० वर्षों से निरंतर शिवराय मार्च आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष भी वही पारंपरिक और जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शाम ५ बजे हॉर्निमल सर्कल से संचलन की शुरुआत हुई। शिवसेना नेता व विधान परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे के हाथों शिवराय मार्च का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शिवसेना नेता, स्थानीय लोकाधिकार समिति महासंघ के अध्यक्ष, शिवसेना सचिव व सांसद अनिल देसाई, महासंघ के कार्याध्यक्ष और पूर्व विधायक विलास पोतनीस, महासचिव प्रदीप मयेकर, मुंबई मनपा की नेता प्रतिपक्ष किशोरी पेडणेकर, शिवसेना उपनेता नितीन बानुगडे-पाटील, उपनेता ज्योति ठाकरे, विधायक सुनील शिंदे, शिवसेना सचिव साईनाथ दुर्गे, सूरज चव्हाण, विधायक महेश सावंत, अनंत (बाला) नर, मनोज जामसुतकर, पूर्व महापौर श्रद्धा जाधव, आशिष चेंबूरकर, विभागप्रमुख संतोष शिंदे, महिला विभाग संयोजक युगंधरा सालेकर, अरुण दुधवडकर, प्रमोद सावंत, संपदा मयेकर, रमाकांत रहाटे सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। भारतीय रिजर्व बैंक की अमर बिल्डिंग के पास उपस्थित मान्यवरों ने छत्रपति शिवाजी महाराज को पुष्पहार अर्पित कर अभिवादन किया। आगे भव्य शिवराय मार्च के दौरान प्रमुख बैंकों और सरकारी प्रतिष्ठानों के प्रवेश द्वारों पर भी शिवराय की प्रतिमा को पुष्पहार अर्पित किए गए। लगभग तीन किलोमीटर तक चले इस मार्च में स्थानीय लोकाधिकार समिति महासंघ से संबद्ध सभी समितियों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न प्रतिष्ठानों के कर्मचारी और शिवसेना के सभी अंगीकृत संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
हॉर्निमल सर्कल से गेटवे तक भगवामय वातावरण
शिवराय संचलन के कारण हॉर्निमल सर्कल से गेटवे ऑफ इंडिया तक का मार्ग जगह-जगह लगाए गए भगवा झंडों, पताकाओं और बैनरों से भगवामय हो गया था। फूलों से आकर्षक ढंग से सजाई गई लॉरी में रखी छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को जगह-जगह फूल अर्पित कर अभिवादन किया गया। मार्च का समापन गेटवे ऑफ इंडिया स्थित छत्रपति शिवराय की पूर्णाकृति प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर और मानवंदना देकर किया गया। ‘जय शिवाजी, जय भवानी’, ‘छत्रपति शिवाजी महाराज की जय’ जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
बालासाहेब की पूर्णाकृति प्रतिमा को अभिवादन
मार्च मार्ग पर स्थित हुतात्मा स्मारक को मानवंदना देते हुए पुष्पचक्र अर्पित किया गया। साथ ही श्यामाप्रसाद मुखर्जी चौक स्थित वंदनीय हिदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर अभिवादन किया गया। इस दौरान ‘बालासाहेब ठाकरे की विजय हो… शिवसेना जिंदाबाद’ जैसे जोरदार नारे लगाए गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित थे।

अन्य समाचार