मुख्यपृष्ठसमाचारइंस्टाग्राम के प्रेमी से भरा दिल, पिया घर जाने की जिद में...

इंस्टाग्राम के प्रेमी से भरा दिल, पिया घर जाने की जिद में मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती

औराई के जेठूपुर गाँव का मामला, पुलिस के प्रयास से उतरी युवती

भदोही।  औराई थाना क्षेत्र के जेठूपुर गांव में बुधवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हाईवोल्टेज ड्रामा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। एक विवाहिता महिला अपने प्रेमी की हरकतों से नाराज होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। महिला पति और सास को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल परिजनों को बुलाया, जिसके बाद महिला नीचे उतरी और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, औराई क्षेत्र के घमहापुर निवासी जगदीश प्रजापति के पुत्र अजय प्रजापति की शादी पांच वर्ष पहले प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र निवासी सीमा से हुई थी। अजय दिल्ली में निजी कंपनी में वाहन चालक है, जबकि सीमा गांव में रहती थी। इसी दौरान सीमा की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए जेठूपुर निवासी कमलेश गौतम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया।

बताया जाता है कि बीते 07 फरवरी को सीमा घर छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई थी। आरोप है कि वह अपने साथ लाखों के जेवर और नकदी भी ले गई थी। ससुराल पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 28 फरवरी को सीमा को राजकोट से बरामद कर लिया था और जेवर भी वापस मिल गए थे।

इसके बाद भी सीमा प्रेमी कमलेश के साथ रहने पर अड़ी रही और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। लेकिन बुधवार सुबह अचानक सीमा प्रेमी के गांव जेठूपुर पहुंची और वहां स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़कर पति व सास को बुलाने की मांग करने लगी।

पुलिस के समझाने और पति-सास के पहुंचने के बाद सीमा नीचे उतरी। नीचे उतरने के बाद उसने प्रेमी के साथ रहने से इनकार कर दिया और दोबारा पति अजय प्रजापति के साथ रहने की इच्छा जताई। हालांकि, थाना पहुंचे ससुराल पक्ष ने उसे अपने साथ रखने से साफ मना कर दिया। औराई थानाध्यक्ष ने बताया है फिलहाल अभी पति रखने को तैयार नहीं है। दोनों पक्ष में बातचीत जारी है।

अन्य समाचार