– यात्रियों का सफर प्रभावित
सुनील ओसवाल / मुंबई
मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में पड़ रही भीषण गर्मी अब इलेक्ट्रिक बस सेवाओं पर भारी पड़ने लगी है। तापमान ३२-३३ डिग्री सेल्सियस तक पहुंचते ही एसी इलेक्ट्रिक बसों की बैटरियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। लगातार एसी चलने और गर्म मौसम के कारण बसों की बैटरी तेजी से डिस्चार्ज हो रही है, जिससे कई बसों को बीच रूट से ही चार्जिंग स्टेशन लौटना पड़ रहा है। इसका असर सीधे यात्रियों पर पड़ रहा है और बस स्टॉप पर लंबा इंतजार करना मजबूरी बनता जा रहा है।
नवी मुंबई के नेरुल स्टेशन से एयरपोर्ट और खारकोपर रूट पर चलने वाली इलेक्ट्रिक एसी बसों में यह समस्या सबसे ज्यादा सामने आ रही है। परिवहन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, तेज गर्मी के कारण बसें तय किलोमीटर पूरा नहीं कर पा रहीं। कई बार चार्जिंग के लिए अतिरिक्त ट्रिप्स लगाने पड़ रहे हैं, जिससे रूट पर बसों की संख्या घट रही है। मुंबई की बेस्ट बस सेवा, ठाणे महानगरपालिका की परिवहन व्यवस्था और राज्य परिवहन महामंडल की इलेक्ट्रिक बसों में भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।
यात्रियों का कहना है कि पहले की तुलना में कई रूटों पर बसों की प्रâीक्वेंसी कम हो गई है। खासकर दोपहर के समय बसों का इंतजार बढ़ने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
परिवहन विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरियां अत्यधिक तापमान में जल्दी गर्म होती हैं, जिससे उनकी क्षमता प्रभावित होती है। ऊपर से एसी का लगातार इस्तेमाल बैटरी पर अतिरिक्त लोड डालता है। यही कारण है कि गर्मी के दिनों में ई-बसों की परिचालन क्षमता घट जाती है।
