-१०-सर्कुलर रोड में २० साल से रह रही हैं पूर्व मुख्यमंत्री
-सरकार ने पशुपालन मंत्री को आवंटित कर दिया है बंगला
सामना संवाददाता / पटना
बिहार में सम्राट सरकार और पूर्व सीएम राबड़ी देवी में जोरदार ठन गई है। सरकार ने राबड़ी देवी को उनका सरकारी घर खाली करके दूसरे घर में शिफ्ट करने का फरमान सुनाया है। यह बंगला १०, सर्कुलर रोड के नाम से मशहूर है। पूर्व सीएम ने वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को खुली चुनौती दी है कि बंगला खाली नहीं करेंगी, सरकार फोर्स भेजकर खाली करवा ले। राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली करने का फाइनल नोटिस भेजा गया है। राबड़ी देवी ने सीएम सम्राट चौधरी को खुली चुनौती देते हुए बड़ा एलान कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि नया-नया मुख्यमंत्री बनल हैं ना। फोर्स भेजकर मेरा आवास खाली करवा लें। हम खाली नहीं करेंगे।
६ महीने पहले भी दिया था नोटिस
यह पहला मौका नहीं है जब राबड़ी देवी को बंगला खाली करने के लिए नोटिस दिया गया हो। नवंबर २०२५ में भी उन्हें यह नोटिस दिया गया था। राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद के नेता विरोधी दल के लिए नामित ३९, हार्डिंग रोड का आवास आवंटित किया गया। लेकिन उन्होंने तब भी वह बंगला खाली नहीं किया। अबकी बार वे आर-पार के मूड में दिख रही हैं।
पद का दुरुपयोग
१०, सर्वुâलर रोड का यह सरकारी बंगला काफी बड़ा है, जिसे लालू परिवार के रहते हुए काफी डेवलप किया गया है। दूसरी ओर ३९, हार्डिंग रोड बंगला काफी छोटा है। राजद ने राबड़ी देवी के समर्थन में मोर्चा खोल दिया है। पार्टी प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा है कि सरकार बदले की कार्रवाई के तहत यह कार्रवाई कर रही है। इतना बड़ा सीएम आवास होने के बाद भी सम्राट चौधरी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए डिप्टी सीएम के लिए नामित ५ देशरत्न मार्ग सरकारी बंगला और विधानसभा अध्यक्ष का बंगला अपने आवास में मिला लिया। सरकार में बैठे लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
काफी गुस्से में दिखीं
राबड़ी देवी जिस आवास में २००५ से रह रही हैं वह पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया गया है। सरकार की नई चिट्ठी पर सियासी बवाल मच गया है। अपनी नेता राबड़ी देवी के समर्थन में आरजेडी ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को १० सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने का लेटर भेजा और शनिवार को इस सवाल पर पूर्व सीएम ऐसे भड़कीं कि सियासी बवंडर मच गया।
