ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरबड और फर्जी अभ्यर्थियों समेत 13 गिरफ्तार
राजेश सरकार / प्रयागराज
नैनी स्थित 508 आर्मी बेस वर्कशॉप में आयोजित ट्रेड्समैन मेट परीक्षा के दौरान सेना और पुलिस की संयुक्त सतर्कता से बड़े नकल गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। परीक्षा में आधुनिक संचार उपकरणों के जरिए हाईटेक तरीके से नकल कराने और फर्जी अभ्यर्थियों को बैठाने के आरोप में पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब परीक्षा केंद्र पर तैनात इनविजिलेशन स्टाफ ने एक अभ्यर्थी को दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ लिया। पूछताछ और जांच आगे बढ़ी तो पूरे नेटवर्क का खुलासा हो गया। इसके बाद सेना प्रशासन की तहरीर पर नैनी थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से ब्लूटूथ ट्रांसमीटर, ईयरबड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन, पावर बैंक और कई पहचान पत्र बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि परीक्षा हॉल के भीतर गुप्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए प्रश्नपत्र हल कराने की कोशिश की जा रही थी।
पहले मामले में हरियाणा निवासी दीपक को दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से आधार कार्ड, फोटो, शैक्षिक प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र बरामद किए गए। वहीं दूसरे मामले में हरियाणा, बिहार, राजस्थान और आगरा समेत विभिन्न राज्यों के 12 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया।
इनके पास से 9 ब्लूटूथ ट्रांसमीटर, 10 ईयरबड, 7 सिम कार्ड, 4 मोबाइल फोन, कई मूल पहचान पत्र और एक मारुति अर्टिगा कार बरामद हुई। पुलिस ने कार और उसमें रखे सात बैग भी कब्जे में ले लिए हैं।
नैनी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सार्वजनिक परीक्षा अनुचित संसाधनों का निवारण अधिनियम-2024 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को सेना भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
