सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई महानगर में शेखावाटी क्षेत्र, राजस्थान की प्रतिनिधि संस्था नवलगढ़ नागरिक संघ मुंबई ने इस वर्ष होली का स्नेह सम्मेलन बड़े धूमधाम से ८ मार्च २०२६ को दुर्गादेवी सराफ हॉल में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस वर्ष होली स्नेह सम्मेलन की थीम ‘होली रो हुड़दंग’ के नाम से आयोजित है। संघ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं को जतन कर इसकी पहचान हमेशा बनाए रखता है। संघ द्वारा नवलगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया जा रहा है। करीब १५ लाख से अधिक की राशि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा प्राप्ति के लिए फीस के रूप में दी जाती है। नवलगढ़ के स्कूल एवं कॉलेजों की बिल्डिंग के नवीनीकरण कार्य में भी हमेशा सहायता प्रदान की जाती है। इसके अलावा नवलगढ़ एवं आस-पास की गौशालाओं के प्रबंधन एवं सेवा कार्यों में भी बड़े स्तर पर संघ के पदाधिकारी जुड़े हुए हैं।
इस वर्ष प्रसिद्ध कलाकार महेंद्र रुंगटा एवं पार्टी द्वारा राजस्थानी लोकगीत एवं परंपरागत नृत्यों का मंचन किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष रामप्रकाश बूबना, सुनील जीवराजका, प्रमोद बगड़िया, दीनदयाल मुरारका, विजय अग्रवाल, शारदा बूबना, विनोद पोद्दार, कमल पोद्दार, सुनील परसरामपुरिया एवं अन्य सभी ट्रस्टी एवं पदाधिकारी कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्य कर रहे हैं।
