हिमांशु राज
फिल्म ‘स्वयंभू’ का टीजर रिलीज होते ही जबरदस्त धूम मचा चुका है। अब होली के शुभ अवसर पर निर्माताओं ने प्रशंसकों को सरप्राइज देते हुए फिल्म के पहले सिंगल का पोस्टर जारी किया है। इस पोस्टर में निखिल सिद्धार्थ दमदार, करिश्माई और इंटेंस अवतार में नजर आ रहे हैं। पोस्टर होली के रंगों से सराबोर है। चारों ओर बिखरे चमकदार रंग, उत्साह और उत्सव का माहौल स्पष्ट झलक रहा है।
पोस्टर को देखते ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म का पहला गाना एक हाई एनर्जी ट्रैक होगा, जो होली का धमाकेदार एंथम बन सकता है। ‘कार्तिकेय 2’ से लोकप्रियता हासिल करने वाले निखिल सिद्धार्थ की यह फिल्म टीजर रिलीज के बाद उनकी सबसे चर्चित परियोजनाओं में शामिल हो गई है।
टीजर में फिल्म का भव्य स्तर, सशक्त कहानी और शानदार दृश्य दर्शकों को आकर्षित करते हैं। भारत के गौरवशाली स्वर्णिम काल पर आधारित यह प्रस्तुति विरासत, साहस और सांस्कृतिक गर्व की कहानी को सामने लाती है। कहानी के केंद्र में ‘सेंगोल’ का प्रभावशाली प्रतीक है, जो सम्मान और परंपरा की गाथा की ओर संकेत करता है। निखिल इसमें प्रभावशाली और आत्मविश्वास से भरपूर अंदाज में नजर आते हैं।
टीजर भव्य दृश्य प्रभाव, ड्रामा और एक्शन से भरपूर है। फिल्म का निर्देशन भारत कृष्णमाचारी ने किया है, जबकि संगीत ‘केजीएफ’ और ‘सालार’ के लिए प्रसिद्ध रवि बसरूर ने तैयार किया है। सिनेमैटोग्राफी ‘बाहुबली’ और ‘आरआरआर’ के केके सेंथिल कुमार ने संभाली है और संपादन का कार्य तम्मिराजु ने किया है।
करीब 170 दिनों तक चली शूटिंग के साथ यह एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसे पिक्सल स्टूडियोज के भुवन और श्रीकर ने निर्मित किया है। भारत के ऐतिहासिक गौरव को समर्पित ‘स्वयंभू’ वर्ष 2026 की गर्मियों में विश्वभर में रिलीज की जाएगी।
