सामना संवाददाता / कल्याण
कल्याण-मुरबाड मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना मुरबाड तालुका के टोकावडे पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत वैसाखले गांव के पास हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कल्याण से अहिल्यानगर की ओर जा रही एसटी बस और मुरबाड से कल्याण की दिशा में आ रही स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की जांच में जुट गई है।
