खेत में दफन रहा पिता का शव, बेटे ने खुलासा किया तो सन्न रह गई पुलिस
राजेश सरकार
प्रयागराज। यूपी की संगम नगरी के गंगानगर जोन अंतर्गत उतरांव थाना क्षेत्र के सीठोली गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे पर अपने पिता की हत्या कर शव को घर के पीछे खेत में गड्ढा खोदकर दफनाने का आरोप लगा है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी को दफनाए गए स्थान पर दोबारा मिट्टी डालते हुए परिजनों ने देख लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, सीठोली गांव निवासी दयाराम यादव (60) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। आरोप है कि उनके सबसे छोटे बेटे विजय कुमार ने दो दिन पहले लाठी-डंडे से पीटकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के पीछे खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।
बुधवार को आरोपी विजय कुमार उसी स्थान पर फिर मिट्टी डाल रहा था। तभी उसके चचेरे भाई को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ शुरू की। पुलिस की सख्ती के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में उसने बताया कि पिता उसे खाने में केवल नमक-रोटी देते थे और कई बार खाना भी नहीं मिलता था। इसी नाराजगी में उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत में दफन शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में कई पारिवारिक परिस्थितियां भी सामने आई हैं। मृतक का एक बेटा पहले से हत्या के मामले में जेल में बंद है, जबकि बड़ा बेटा परिवार सहित बाहर रहता है। मृतक की पत्नी पैरालिसिस से पीड़ित बताई जा रही हैं।
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय ने कहा कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहा है।
