अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के सारण जिले से बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जिला मुख्यालय छपरा शहर में हुए इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो महिला आर्केस्ट्रा डांसर भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि ये सभी लोग उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक शादी समारोह में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम प्रस्तुत करने छपरा आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना छपरा के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के न्यायबस्ती लोहा टोला की है। जानकारी के अनुसार, आर्केस्ट्रा टीम को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा पी. एन. सिंह कॉलेज के समीप हुआ।
इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने पलटे हुए पिकअप वाहन को टक्कर मार दी और उसमें सवार लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक और घायल आर्केस्ट्रा कलाकार बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शी मालती देवी के अनुसार, पहले पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके तुरंत बाद पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे वाहन में सवार लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और शव क्षत-विक्षत हालत में बिखर गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। 102 एंबुलेंस के एसीओ सत्य प्रकाश के नेतृत्व में घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी कलाकार छोटा बरहमपुर से कार्यक्रम समाप्त कर बलिया लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर उन्हें परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
