मुख्यपृष्ठनए समाचारमॉर्निंग वॉक से लौटा पति, फंदे पर मिली दुल्हन

मॉर्निंग वॉक से लौटा पति, फंदे पर मिली दुल्हन

राजेश सरकार

प्रयागराज। मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर यमुनानगर के करछना इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब शादी के महज एक साल के भीतर एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुट गई है।

करछना गांव निवासी शिवानंद कपड़े का कारोबार करते हैं। परिवार में माता-पिता, पत्नी और चार भाई साथ रहते हैं। शिवानंद की शादी 6 मार्च 2025 को प्रतापपुर थाना क्षेत्र के लालापुर पडुवा गांव की रहने वाली सुहानी प्रजापति से हुई थी। परिवार के मुताबिक शादी के बाद दोनों की जिंदगी सामान्य रूप से चल रही थी और किसी तरह के विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी।

बताया गया कि गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। सुहानी और शिवानंद भी अपने कमरे में थे। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे शिवानंद मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकल गए।

करीब सात बजे जब वह लौटे तो परिजनों ने बताया कि सुहानी अब तक कमरे से बाहर नहीं आई है। शिवानंद ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। कमरे के भीतर सुहानी साड़ी के फंदे से लटकी हुई थी।

आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल और भी गमगीन हो गया।

सूचना पर करछना थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए पति शिवानंद को हिरासत में लिया है। एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

अन्य समाचार