मुख्यपृष्ठनए समाचारपति बना हैवान... महिला सिपाही का ही उत्पीड़न!

पति बना हैवान… महिला सिपाही का ही उत्पीड़न!

-शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण से परेशान पत्नी ने चेंबूर थाने में कराया मामला दर्ज

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई पुलिस में कार्यरत एक महिला पुलिस सिपाही के साथ उसके पति द्वारा शारीरिक, मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न किए जाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पति की वर्षों से जारी प्रताड़ना, गहनों की हेराफेरी, आर्थिक धोखाधड़ी, मारपीट और धमकियों से परेशान होकर आखिरकार महिला पुलिसकर्मी ने चेंबूर पुलिस थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
खुद कानून की रक्षा करने वाली पुलिस बल की एक महिला कर्मचारी के साथ ऐसी घटना होने से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है। चेंबूर पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला पुलिस सिपाही और आरोपी पति की पहचान वर्ष २०१६ में हुई थी। बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और दिसंबर २०२३ में उन्होंने विवाह कर लिया। लेकिन यह शादी महिला के लिए प्रताड़ना का कारण बन गई। महिला पुलिसकर्मी की शिकायत के अनुसार, शादी से पहले और शादी के बाद भी पति ने लगातार उससे पैसों की मांग की। कभी नौकरी तो कभी व्यवसाय का बहाना बनाकर उसने महिला से लाखों रुपए उधार लिए।
मंगलसूत्र तोड़ने के बाद मामला पहुंचा थाने
विवाद यहीं नहीं रुका। चेंबूर स्थित घर में दोनों के बीच हुए एक झगड़े के दौरान पति ने गुस्से में महिला पुलिसकर्मी के गले से सोने का मंगलसूत्र जबरन तोड़ लिया। पति द्वारा लगातार किए जा रहे उत्पीड़न, गहनों की हेराफेरी, आर्थिक धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकियों से परेशान महिला पुलिस सिपाही का आखिरकार सब्र टूट गया और उसने चेंबूर पुलिस थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

अन्य समाचार