मुख्यपृष्ठनए समाचारआईआईटी मुंबई पर एलपीजी संकट का असर ...हॉस्टल मेस का नया मेन्यू...

आईआईटी मुंबई पर एलपीजी संकट का असर …हॉस्टल मेस का नया मेन्यू जारी … लंच-डिनर में फल खाओ!

-नॉन वेज, चाय पार्टी, स्पेशल भोजन बंद
-तली और उबली हुई चीजें नहीं मिलेंगी
-एक शाकाहारी डिश और ठंडा दूध मिलेगा
सामना संवाददाता / मुंबई
देश में एलपीजी का संकट दिनों-दिन गहराता जा रहा है। गैस सिलेंडर की मांग में आई बढ़ोतरी की वजह से इसकी किल्लत होने लगी है। सरकार भले ही गैस की आपूर्ति में बाधा आने की बात को स्वीकार नहीं कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। एलपीजी का संकट अब आईआईटी मुंबई तक पहुंच गया है। ऐसे में ज्यादा तले-भुने व उबले भोजन पर रोक लगा दी गई है और लंच-डिनर में फल खाने की सलाह दी गई है। सिलेंडर की कमी की वजह से हॉस्टल मेस के मेन्यू में ये बदलाव करने पड़े हैं।
संस्थान की ओर से बदला गया मेन्यू कल शनिवार १४ मार्च से लागू हो गया और इसकी जानकारी स्टूडेंट्स को एक ईमेल के जरिए दे दी गई है। मेन्यू में होने वाले बदलाव कुछ इस प्रकार हैं, खाने में सिर्फ एक शाकाहारी डिश परोसी जाएगी और कोई और नॉन-वेज आइटम नहीं मिलेगा।
ऑप्शन पर भी विचार
संस्थान के एक अधिकारी ने इस पैâसले के बारे में बताते हुए कहा है कि मेस के मेन्यू से उन चीजों को हटा दिया गया है, जिन्हें पकाने में ज्यादा समय लगता है। मेन्यू में कुछ बदलाव होना तय है। हम पहले से ही बायोगैस और इलेक्ट्रिक ऑप्शन पर काम कर रहे हैं।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
मेल में यह भी कहा गया है कि कम की गई चीजों की भरपाई और मेन्यू में और बदलाव के मामले पर आने वाली मेस कमिटी मीटिंग में चर्चा की जाएगी। ईमेल में आगे कहा गया है कि एलपीजी संकट जब तक सामान्य नहीं हो जाएगा तब तक के लिए चाय पार्टी, स्पेशल लंच डिनर, गाला डिनर और अन्य तरह के सभी इवेंट्स को टाल दिया गया है। साथ ही स्टूडेंट्स से यह अपील की गई है कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें जिनसे पैनिक हो सकता है।
ईमेल में लिखा
‘मौजूदा हालात की वजह से एलपीजी की कमी के कारण मेस में एलपीजी का इस्तेमाल कम करने की जरूरत है। देश में पहले से ही गैस का स्टॉक कम है। इसी को ध्यान में रखते हुए मेस के मेन्यू से कुछ चीजों को हटा दिया गया है। ये बदलाव कुछ समय के लिए हैं। बाद में स्थिति ठीक होने पर इन बदलावों को पहले जैसा कर दिया जाएगा।’

अन्य समाचार