-साउथ मलाका हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा
राजेश सरकार / प्रयागराज
शहर कोतवाली के साउथ मलाका हीवेट रोड में बेशकीमती भवन में हुए एक ही परिवार के 4 लोगों की निर्मम हत्या का पुलिस ने वारदात की जानकारी होने के महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मुख्य आरोपी सनी गुप्ता कचौड़ी वाले को गिरफ्तार कर उसके पास लूटे गए जेवरात ( एक किलो सोना और करीब आधा किलो वजन के चांदी के आभूषण) बरामद किए गए हैं। सनी ने हत्या किए जाने की बात कबूल की है। बता दें की सनी गुप्ता की दुकान उसी परिसर में हैं। इस बावत पत्रकारों को अवगत कराते हुए पुलिस कमिश्नर ने बताया की पुलिस 2 जून को मंजीत केसरवानी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके मामा वीरेंद्र वैश्य का मकान 2 दिन से बंद है और अंदर से बदबू आ रही है। पुलिस ने ताला तोड़ा तो घर के अंदर वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अनीता वैश्य और बेटी मीनाक्षी वैश्य के शव मिले। बेटे अभिषेक वैश्य का शव नीचे दुकान में पड़ा था। जांच में सामने आया कि मुंडीगंज निवासी सनी गुप्ता ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस की गठित टीम ने आरोपी सनी गुप्ता पुत्र राम बाबू गुप्ता को उसके घर महाबीरन गली मुट्ठीगंज से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आलाकत्ल लोहे का पाइप, 1002.12 ग्राम पीली धातु, 360.56 ग्राम सफेद धातु और नकद 1000 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि मृतक अभिषेक वैश्य उसका दोस्त था। 31 मई 2026 को दोनों ने बीयर पार्टी की और अभिषेक के घर से गहने लूटने का प्लान बनाया। शाम करीब 5 बजे अभिषेक की बहन मीनाक्षी जैसे ही गिफ्ट की दुकान खोलने आई, दोनों ने रॉड से हमला कर दिया। फिर ऊपर जाकर माता पिता की भी हत्या कर दी। लालच में आकर सनी ने अभिषेक को भी मार डाला। सबूत मिटाने के लिए शवों पर डिटर्जेंट, सरसों का तेल डाला और पानी की टंकी में कपड़े, लैपटॉप, मोबाइल फेंक दिए। खुलासा करने वाली टीम में जनपदीय एसओजी टीम, नगर एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में किया। उप निरीक्षक सचिन तोमर, मुख्य आरक्षी विनोद दुबे सहित कुल 21
पुलिसकर्मी टीम में शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।
प्रयागराज के कोतवाली इलाके में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। बता दें कि 2 जून को एक ही परिवार के 4 लोगों, वीरेंद्र वैश्य, पत्नी अनीता, बेटी मीनाक्षी और बेटे अभिषेक की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी सनी गुप्ता को मुट्ठीगंज से गिरफ्तार किया। आरोपी ने लूट के इरादे से दोस्त अभिषेक के साथ मिलकर पूरे परिवार को मारा फिर बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद लालच में आकर अभिषेक को भी मार डाला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए सोने चांदी से निर्मित भारी भरकम जेवरात और हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाइप बरामद किया है।
आरोपी का बयान
पूछताछ में सनी ने बताया कि 31 मई को अभिषेक ने उसे दोपहर को बुलाया फिर दोनों ने मिलकर दुकान में ही बीयर पार्टी की । इस दौरान अभिषेक ने सनी को बताया कि उसके ऊपर बहुत कर्जा हो गया है और पिताजी से रोज इस बात को लेकर कहा सुनी होती है। पिताजी यानी वीरेन्द्र वैश्य, अभिषेक के चाल-चलन से नाराज रहते थे और उसे भी संपत्ति से बेदखल करने का मन बना लिया था। इसकी भनक लगते ही अभिषेक ने पूरे परिवार को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा। मित्र सनी की मदद से उसने अपने मां-बाप, बहन की निर्मम हत्या कर डाली और फिर खुद भी दोस्त के हाथों मारा गया।
पुलिस कमिश्नर ने चौकी इंचार्ज और कांस्टेबल को निलंबित किया
पत्रकारों से बातचीत में पुलिस कमिश्नर ने बताया कि घटना को लेकर साउथ मलाका चौकी पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते चौकी प्रभारी और मातहत सिपाही को निलंबित कर दिया गया है । जबकि इस वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 50000 का इनाम दिया जाएगा।
मृतक परिवार का छोटा बेटा जेल में सजा काट रहा
पत्रकार वार्ता में पुलिस कमिश्नर ने इस हत्याकांड को लेकर कई खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि मृतक परिवार का छोटा बेटा अश्वनी वैश्य मैट्रिमोनियल फ्रॉड के आरोप में प्रयागराज के पड़ोसी कौशांबी जिला जेल में सजा काट रहा है। करीबियों और पड़ोसियों से पूछताछ में पुलिस को यह भी पता चला है कि वीरेंद्र वैश्य के दोनों बेटे अपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे। छोटे बेटे अश्विनी ने कीडगंज की रहने वाली एक महिला से लव मैरिज की थी और दोनों ने मिलकर मैट्रिमोनियल साइट पर फ्रॉड करते हुए कई लोगों से लाखों रुपए वसूले थे। फ्रॉड पकड़े जाने पर अश्विनी और उसकी पत्नी को जेल हुई थी । वर्तमान में उसकी पत्नी जमानत पर रिहा है। अश्विनी जेल में सजा काट रहा है। पिता ने अश्वनी और उसकी पत्नी को परिवार से बेदखल कर दिया था।
