मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
यूपी में ऑनर किलिंग का एक और मामला हो गया। मुजफ्फरनगर में रविवार को भाई ने बहन की गला काटकर हत्या कर दी। बहन किसी लड़के से फोन पर बात करती थी। भाई को यह पसंद नहीं था। उसने उसे कई बार मना किया, लेकिन बहन नहीं मानी। इससे वह गुस्से में था। रविवार को भी उसने बहन को समझाया कि वह लड़के से बात न करे। बहुत बदनामी हो रही है, लेकिन बहन नहीं मानी। कहा जा रहा है कि गुस्से में भाई ने बहन को पहले पीटा, फिर बाद उसकी चाकू से गला काट दिया। शोर सुनकर घरवाले और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक भाई भाग चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस आरोपी भाई की तलाश कर रही है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में रहने वाले शकील कुरैशी की बेटी अदीबा (20) पिछले डेढ़ साल से गांव पलड़ी में अपने एक रिश्तेदार के यहां रह रही थी। शनिवार देर शाम घरवाले उसे गांव ले आए थे। रविवार दोपहर अदीबा, उसका भाई आमिर और मां घर पर थे। अदीबा का एक युवक से अफेयर था। वह उस लड़के से अक्सर फोन पर बात भी करती थी। इसी बात को लेकर घर में झगड़ा होता रहता था। रविवार दोपहर कमरे में आमिर बहन अदीबा को समझा रहा था कि वह उस लड़के से रिश्ता खत्म कर दे। समाज में बहुत बदनामी हो रही है, लेकिन अदीबा प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। इसी बात को लेकर अदीबा और आमिर से तू-तू, मैं-मैं होने लगी। गुस्से में आमिर ने अदीबा को पीट दिया। इसके बाद चाकू से गला रेत दिया और भाग गया। सूचना पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी (ग्रामीण) अक्षय संजय महादिक, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह और शाहपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए। मां से घटना की जानकारी ली।
गांववालों के मुताबिक, जिस कमरे में अदीबा की हत्या की गई, उसमें हर जगह खून ही खून फैला था। अदीबा के घरवाले भी बुरी तरह रोते-बिलखते रहे। साथ ही उस युवक को भी कोस रहे थे, जिसके साथ बेटी का अफेयर चल रहा था। मां ने बताया कि अदीबा बहनों में सबसे बड़ी थी। जबकि आमिर भाइयों में सबसे बड़ा है। वह कपड़ा बेचने का काम करता है। बाकी बेटे जानवर खरीदने-बेचने का काम करते हैं। परिवार के अन्य लोग शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव पालड़ी में रहते हैं। बेटे आमिर ने कमरे का गेट बंद कर पहले बेटी को पीटा। इसके बाद छुरे से गर्दन रेतकर भाग गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि लड़की किसी युवक से फोन पर बातचीत करती थी, जिसका भाई विरोध करता था। घटना के समय घर पर मृतका की मां मौजूद मिलीं। परिवार में कुल 9 भाई-बहन बताए जा रहे हैं, लेकिन मां के अलावा मौके पर कोई भी नहीं मिला। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।
