-जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत…निष्पक्ष जांच की मांग
राजेश सरकार / प्रयागराज
कमिश्नरी के नैनी इंदलपुर ग्राम में जल संस्थान कर्मी इंद्रजीत भारतीया (30) की खुदकुशी के मामले में उसकी मां इंद्रकली ने सवाल उठाया है। जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बेटे की मौत की जांच अपराध शाखा पुलिस से कराने की मांग की है। मृतक आश्रित उसकी मां इन्द्रकली पत्नी स्वर्गीय हरिश्चंद्र ने जनसुनवाई पोर्टल में दर्ज कराई गई शिकायत में बेटे की हत्या किए जाने का शक जताया है। बता दें कि 24 जनवरी 2026 की रात में इंद्रजीत भारतीया (30) पुत्र स्वर्गीय हरिश्चंद्र भारतीया का शव उसके कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला था। इंद्रजीत भारतीया जल संस्थान के इंदलपुर पानी की टंकी में तैनात रहा। उसकी मां इंद्रकली ने बेटे की हत्या का शक जाहिर करते हुए उसके ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है और मामले में निष्पक्ष जांच व एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उसने शिकायती प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि बेटे की पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया। घटना के समय घर का दरवाजा बाहर से बंद था। 25 जनवरी 2026 को घटना की जानकारी पड़ोसी से मां इन्द्रकली को हुई थी। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख है कि इंद्रजीत भारतीया को पूर्व में कुछ लोगों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई थी। नैनी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मां का आरोप है कि अभी तक आरोपितों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़िता मां ने मामले की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र में मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आग्रह किया गया है।
