मुख्यपृष्ठनए समाचारईरान-अमेरिका की झड़प में हिंदुस्थानी शहीद ... होर्मुज में एक और भारतीय...

ईरान-अमेरिका की झड़प में हिंदुस्थानी शहीद … होर्मुज में एक और भारतीय की मौत!

आधी रात को ‘नूर-ए-सुलेमानी’ जहाज पर गोलीबारी शिप के १७ क्रू मेंबर बचाकर दुबई ले जाए गए
एजेंसी / तेहरान
होर्मुज में एक और भारतीय जहाज गोलीबारी का शिकार हुआ है। नाविकों के एक संगठन के प्रतिनिधि के अनुसार, बीते शुक्रवार को यह घटना हुई। होर्मुज स्ट्रेट में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में फंस जाने से गुजरात का एक नाविक शहीद हो गया और पांच अन्य घायल हो गए। शिपिंग निदेशालय के अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि तो की, लेकिन इसके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। उन्होंने बताया कि वे इस मामले में सहायता प्रदान कर रहे हैं।
बता दें कि यह लकड़ी से बना जहाज था, जिसकी पहचान ‘अल फज नूर-ए-सुलेमानी’ १ नाम से हुई है। इस जहाज में १८ लोगों का क्रू सवार था। यह ७ मई को दुबई से निकला था और यमन के मुक्कम की ओर जा रहा था, तभी ८ मई को रात करीब एक बजे, होर्मुज स्ट्रेट पार करते समय यह गोलीबारी की चपेट में आ गया। बता दें कि ईरान-अमेरिका युद्ध के बाद से ही होर्मुज टकराव का केंद्र बना हुआ है। ईरान ने लंबे समय से बिना इजाजत किसी भी जहाज को निकलने देने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसकी वजह से कच्चे तेल के दामों में भी बढ़ोतरी हो रही है।

स्थानीय अस्पताल में इलाज
मृतक अल्ताफ उस जहाज पर इंजन ड्राइवर के तौर पर काम करते थे। वे गुजरात के द्वारका जिले के सलाया गांव के रहने वाले थे। बाकी क्रू सदस्यों को सुबह करीब ७ बजे (स्थानीय समय) एमएसवी प्रेम सागर-आई (बीडीआई-१४९१) द्वारा बचा लिया गया और वे उसी दिन शाम ६ बजे तक दुबई पोर्ट पहुंच गए। उनका इलाज एक स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। एक सूत्र ने बताया कि घटना के तुरंत बाद भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने बचाए गए नागरिकों से मुलाकात की।

अन्य समाचार