मुख्यपृष्ठनए समाचारमहंगाई डायन कातिल हो गई...जुड़वां बेटियों का बाप ने कर डाला कत्ल!

महंगाई डायन कातिल हो गई…जुड़वां बेटियों का बाप ने कर डाला कत्ल!

-बच्चियों को गरीबी में नहीं देखना चाहता था

-कर्ज तले दबा था परिवार

-कोर्ट और कानून के सामने जाने से पहले आरोपी ने कहा, जब मैं पाप कर चुका हूं और अपनी बेटियों को पाल नहीं पाया, तो मुझे फांसी की सजा मंजूर है।

पैसों के लेन-देन और भारी कर्ज के दलदल में फंसे एक दवा कारोबारी ने अपनी ही ११ साल की दो जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद जेल में अपना गला काटने वाले ५० वर्षीय आरोपी पिता शशि रंजन मिश्रा ने एक वीडियो में अपना जुर्म कबूल करते हुए बेहद चौंकाने वाले और अजीबोगरीब दावे किए हैं। आरोपी का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण वह गहरे डिप्रेशन में था और उसे मानसिक दौरे पड़ते थे।
वीडियो में आरोपी शशि रंजन ने कहा, `यह सब भगवान की मर्जी थी। पैसों के लेन-देन को लेकर मैं लंबे समय से डिप्रेशन में था। घटना के वक्त मुझे दौरा आया था और दिमाग में अजीब आवाजें आ रही थीं। मुझे लगा फ्लैट का मालिक पैसे वसूलने के लिए मुझे मारने आया है। दौरा खत्म होने के बाद मुझे अहसास हुआ कि मैं अपनी ही बेटियों को मार चुका हूं। बेटियों की हत्या पर अफसोस जताने के सवाल पर आरोपी ने संवेदनहीनता दिखाते हुए कहा कि उसे इस बात की संतुष्टि है कि बेटियां अपनी सही जगह (भगवान के पास) चली गईं। उसने तर्क दिया कि बच्चियों को बड़ा होने में अभी १०-१५ साल लगते और वह उन्हें गरीबी में नहीं देखना चाहता था। खुदकुशी न करने के सवाल पर आरोपी ने दावा किया कि अगर वह खुद को खत्म कर लेता, तो पुलिस उसकी बेगुनाह पत्नी को फंसा देती। पत्नी को सजा न हो, इसलिए वह जीवित रहा और खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। आरोपी ने जेल जाने से पहले अपनी पत्नी के खाते में १९ लाख रुपए ट्रांसफर करने की बात भी स्वीकार की है, ताकि वह अपने मायके में बेटे के साथ रह सके।
कातिल बाप ने जेल में की खुदकुशी की कोशिश
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के अपार्टमेंट में अपनी जुड़वा बेटियों की हत्या के आरोप में जेल में बंद शशिरंजन मिश्रा ने रविवार को जान देने का प्रयास किया। उसने जेल में स्टील की थाली से अपनी गर्दन रेत ली। बंदियों ने इसकी जानकारी जेल के सुरक्षा कर्मियों को दी तो उसे उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर उसकी हालत खतरे से बाहर बता रहे हैं।

 

अन्य समाचार

हूक