मुख्यपृष्ठसमाचार11 हजार वोल्ट के लटकते तार की चपेट में आने से मासूम...

11 हजार वोल्ट के लटकते तार की चपेट में आने से मासूम झुलसी

राजेश सरकार / प्रयागराज

-करंट लगने से किशोरी के अंग पड़े सुन्न, ग्रामीणों में आक्रोश

उत्तर प्रदेश विद्युत विभाग की कथित लापरवाही ने एक मासूम किशोरी की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। लटकते हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि तेज करंट लगने से उसके शरीर के एक हिस्से के अंग निष्क्रिय हो गए हैं।
मामला मेजा थाना क्षेत्र के कोहड़ार गांव का है, जहां खेतों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की जर्जर हाईटेंशन लाइन लंबे समय से जमीन के काफी करीब लटक रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया।
जानकारी के अनुसार, कोहड़ार निवासी कुसुम देवी, पत्नी दयाशंकर बेरी के खेत से होकर हाईटेंशन लाइन गुजरती है। सोमवार तड़के उनकी 12 वर्षीय पुत्री अर्चना खेत की ओर गई थी। इसी दौरान उसका हाथ नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगते ही वह दूर जा गिरी और गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे में उसके हाथ-पैर ने काम करना बंद कर दिया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने तार की मरम्मत कर दी होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही अब सीधे लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लटक रहे हाईटेंशन तारों को दुरुस्त नहीं कराया गया, तो क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

अन्य समाचार