मुख्यपृष्ठस्तंभतहकीकात : ५ दिन बाद कब्र से निकली लाश... प्रेमी के खातिर...

तहकीकात : ५ दिन बाद कब्र से निकली लाश… प्रेमी के खातिर बेवफा पत्नी ने रची गहरी साजिश

फिरोज खान

इरशाद अब्दुल करीम बंजारा नाम के युवक की १८ नवंबर को रहस्यमयी हालात में मौत हो गई। परिवार को शुरुआत में ऐसा लगा कि यह कोई आम एक्सीडेंटल मौत है। इसलिए बिना किसी शक के, अगले ही दिन उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया और उसे दफना दिया गया। उस समय किसी ने नहीं सोचा था कि यह मामला कुछ और भी हो सकता है। लेकिन मामला तब बिगड़ा जब मौत के बाद परिवार ने इरशाद की पत्नी के व्यवहार में कुछ अलग देखा। उम्मीद होती है कि पति की अचानक मौत के बाद कोई पत्नी शोक में डूबी रहे, लेकिन परिवार ने देखा कि वह न तो परेशान दिख रही थी और न ही उतना दुखी जितना होना चाहिए था। उसकी बेपरवाही जैसे बर्ताव ने परिवार में शक पैदा किया। शक तब और मजबूत हो गया जब उन्हें पता चला कि पत्नी का किसी और व्यक्ति से रिश्ता था। परिवार को लगने लगा कि शायद उसी प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर इरशाद की हत्या की गई है। परिवार ने इस शक के साथ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आरोप बेहद गंभीर थे, इसलिए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में, इरशाद की बॉडी को दफनाने के पांच दिन बाद कब्र से निकाला गया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया ताकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से इस मामले की असलियत सामने आ जाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखकर डॉक्टरों ने साफ कहा कि इरशाद की मौत न तो नेचुरल थी और न ही कोई हादसा। उसकी मौत गला घोंटकर की गई थी। यानी यह पूरी तरह प्लान किया गया मर्डर था। पोस्टमार्टम के नतीजों के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इरशाद की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और प्रेमी के दोस्त के खिलाफ केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया। पत्नी से की गई पूछताछ से कई चौंकाने वाला खुलासे हुए। पत्नी ने बताया वह किसी और के साथ प्यार करती थी और उसके साथ शादी करने का इरादा था, लेकिन घरवालों के दबाव के चलते उसने इर्शाद से शादी कर ली। शादी के बाद भी वह अपने प्रेमी के संपर्क में थी। एक दिन प्रेमी संग इर्शाद की हत्या की साजिश रची। उनका प्लान था इर्शाद को इस कदर मारा जाए ताकि उसकी मौत नेचुरल लगे। इर्शाद घर में अकेला था, तभी मौके का फायदा उठाकर प्रेमी और उसके दोस्त को बुला लिया। इर्शाद को जैसे ही नींद लगी वैसे ही प्रेमी और उसके दोस्त ने तकिये से उसका मुंह कसकर दबा दिया। कुछ देर बाद इर्शाद ने दम तोड़ दिया। पत्नी ने फौरन दोनों को घर से भगा दिया और घरवालों को फोन कर बताया कि इर्शाद की तबियत बहुत खराब हो गई है। कुछ देर बाद जब परिवार के लोग पंहुचे तो पत्नी पति के लाश के पास बैठकर बिलख-बिलख कर रो रही थी। पत्नी ने घरवालों को बताया इर्शाद की अचानक तबियत खराब हुई, वह सीने में दर्द होने की बात कर रहा था। डाक्टर के पास ले जाने से पहले उसकी मौत हो गई। बहू की बातों पर विश्वास कर घर के लोगों ने इर्शाद का अंतिम संस्कार कर कब्र में दफना दिया था।

अन्य समाचार